कार्तिक व्रत आत्मशुद्धि का माध्यमस्वच्छता से ही सार्थक होगा दीपोत्सव : गोस्वामी द्वारकेश

बहादुरगढ़, स्थानीय गोस्वामी व्यास पीठ में ब्रह्ममुहूर्त में आयोजित दिव्य प्रवचनमाला के दौरान नवम पीठाधीश्वर सेवक पंडित द्वारकेश गोस्वामी जी महाराज ने कार्तिक माह के महात्म्य, व्रत-उद्यापन के विधान और दीपावली के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला।
प्रवचन का शुभारंभ श्रीनाथ जी और ब्रह्मलीन सद्गुरुदेव पंडित गंगाधर जी गोस्वामी (शास्त्री जी) को नमन के साथ हुआ। पंचांग की जानकारी देते हुए महाराज श्री ने बताया कि 7 नवंबर को कार्तिक कृष्ण त्रयोदशी सुबह 10:48 बजे तक है, जिसके बाद चतुर्दशी तिथि शुरू होगी। इस अवधि में नरक चतुर्दशी, काली चौदस और मासिक शिवरात्रि का विशेष धार्मिक महत्व रहता है।
पद्मपुराण के अनुसार व्रत और उद्यापन का विधान
गोस्वामी जी ने पद्मपुराण के देवर्षि नारद और महाराज पृथु संवाद का उल्लेख करते हुए बताया कि कार्तिक व्रत केवल एक कर्मकांड नहीं, बल्कि आत्मशुद्धि और समर्पण की साधना है। उन्होंने बताया कि कार्तिक शुक्ल वैकुण्ठ चतुर्दशी को तुलसी के समीप मंडप बनाकर भगवान श्रीहरि व महालक्ष्मी का पूजन और रात्रि जागरण किया जाता है। वहीं कार्तिक पूर्णिमा को हवन और ब्राह्मण भोजन कराने के साथ व्रत का विधिवत उद्यापन संपन्न होता है।
स्वच्छता और सद्भाव से मनाएं दीपावली
दीपावली पर्व की शुभकामनाएं देते हुए महाराज श्री ने कहा कि दीपोत्सव अज्ञान के अंधेरे पर ज्ञान के प्रकाश की विजय का प्रतीक है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि पर्व पर अपने घरों और दुकानों को सजाने के साथ-साथ आसपास के सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता का भी पूरा ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि स्वच्छता सात्विक जीवनशैली का हिस्सा है; दीयों की रोशनी तभी सार्थक होगी जब हमारा परिवेश साफ, मन निर्मल और व्यवहार सद्भावपूर्ण होगा।



