
कृष्ण गोपाल विद्यार्थी
लोकतंत्र की सबसे खूबसूरत बात यह है कि जब भी किसी मुद्दे पर पूरा देश बंटा हुआ दिखता है, कोई न कोई पर्व आकर दोनों पक्षों को एक ही धरातल—या यूँ कहें कि एक ही धुंध—पर लाकर खड़ा कर देता है।
दीवाली के अवसर पर हमारे हुक्मरानों और उनके निष्ठावान समर्थकों ने एक बार फिर साबित कर दिया कि जब बात संस्कृति और ‘परंपरा’ के निर्वहन की हो, तो अदालत के आदेश, डॉक्टरों की चेतावनियाँ और पर्यावरणविदों के रुदन केवल कागजी औपचारिकता भर हैं। साल भर एक-दूसरे की नीयत, राष्ट्रवाद और डीएनए पर सवाल उठाने वाले सूरमा बारूद की गंध आते ही एक सुर में गा उठे।
पक्ष का तर्क स्पष्ट था—”अगर हमने आज पाँच हज़ार की लड़ी नहीं सुलगाई, तो सनातन पर संकट आ जाएगा। सदियों पुरानी परंपरा को कुछ माइक्रोग्राम धुएं के डर से कैसे छोड़ा जा सकता है? फेफड़े तो नश्वर हैं, लेकिन परंपरा अमर रहनी चाहिए।”
विपक्ष भी भला पीछे कैसे रहता? उन्होंने पहले दिन प्रेस कॉन्फ्रेंस में बढ़ते प्रदूषण पर सरकार की विफलता का रोना रोया, और फिर शाम ढलते ही उसी आक्रोश को ‘अनार’ और ‘रॉकेट’ के जरिए आसमान में छोड़ दिया। उनका अघोषित रुख था—”जब तक पक्ष वाले फोड़ना बंद नहीं करेंगे, हम कैसे रुकें? पर्यावरण बचाना क्या सिर्फ विपक्ष का दायित्व है? हम भी अपनी सांस्कृतिक उपस्थिति दर्ज कराएंगे, वह भी डबल डेसिबल के साथ।”
यह देखकर दिल गद्गद हो जाता है कि सत्ता और विपक्ष के समर्थकों ने इस बारूदी महायज्ञ में कितनी शिद्दत से आहुति दी। दोनों खेमों ने अपने-अपने बच्चों को बालकनी में खड़ा कर यह ऐतिहासिक संदेश दिया: “देखो बेटा, यह जो सामने जहरीली धुंध छाई है, यह दरअसल तुम्हारी सांस्कृतिक विरासत का सुरक्षा कवच है। थोड़ा खाँसो, पर गर्व से सीना फुलाए रखो।”
अदालतों ने फरमान जारी किए थे कि सिर्फ ‘ग्रीन पटाखे’ चलेंगे। पर हमारे निष्ठावान नागरिकों को हरा रंग कुछ खास पसंद नहीं आया—राजनीति में रंग का बड़ा महत्व जो ठहरा। इसलिए उन्होंने ‘लाल’ और ‘भगवा’ रोशनी बिखेरने वाले असली बारूदी बम खोज निकाले। स्मॉग टावर कोने में खड़े होकर चुपचाप अपनी बेबसी पर आंसू बहाते रहे और एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) के मीटर ने 999 पर पहुँचकर खुद को ‘सत्य’ मानकर दम तोड़ दिया।
अगली सुबह जब सूरज ने धुएं की मोटी चादर फाड़कर झांकने की नाकाम कोशिश की, तो नेताओं के प्रवक्ता टीवी स्टूडियो में इनहेलर खींचते हुए प्रकट हुए।
एक तरफ से आवाज आई: “यह धुआं हमारी आस्था का प्रतीक है, इसे प्रदूषण कहकर बदनाम न किया जाए!”
दूसरी तरफ से पलटवार हुआ: “सरकार जनता को साफ हवा नहीं दे पा रही, यह इनकी अक्षमता है… वैसे हमने जो कल रात रॉकेट छोड़े थे, उनका धुआं सरकार के धुएं से कम हानिकारक था।”
आँखों में जलन और गले में खराश लिए आम नागरिक ने भी सुबह की सैर पर निकलते हुए राहत की सांस या कहें धुएं की घूंट ली। उसे तसल्ली थी कि देश में भले ही शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार पर सहमति न बने, लेकिन हवा को सामूहिक रूप से ‘जहरीला’ बनाने के राष्ट्रीय कर्तव्य पर पक्ष और विपक्ष दोनों कंधे से कंधा मिलाकर, सीने से सीना अड़ाकर और फेफड़े से फेफड़ा जलाकर बिल्कुल एक साथ खड़े हैं।
एकता इसी को कहते हैं—सांस भले ही किसी की न बचे, पर किसी का भी अहंकार न टूटे!



