कृषि मेले के थीम ने छुआ किसानों का दिल, जमीन बचाने व आय बढ़ाने का संदेश पहुंचेगा घर-घर: औमप्रकाश धनखड़

हसनपुर मेले की ऐतिहासिक सफलता के बाद कार्यकर्ताओं के साथ की समीक्षा बैठक
NCR के बड़े बाजार का लाभ उठाकर किसान सीधे ग्राहक तक पहुंचाएं उत्पाद
कृष्ण गोपाल विद्यार्थी
झज्जर। हसनपुर में आयोजित भव्य कृषि मेले में उमड़ी हजारों किसानों की भीड़ ने यह साफ कर दिया है कि आज का अन्नदाता अपनी आने वाली पीढ़ियों के लिए जमीन सुरक्षित रखने और आय के नए स्रोत अपनाने के लिए पूरी तरह तैयार है। अब हमारी जिम्मेदारी है कि ‘पैरी अर्बन एग्रीकल्चर’ (शहरी परिधीय खेती) और उन्नत तकनीकों का यह संदेश हर किसान की चौखट तक पहुंचे।
यह विचार पूर्व कृषि मंत्री औमप्रकाश धनखड़ ने कादियान आयुष फार्म में कार्यकर्ताओं व सहयोगी संगठनों के साथ कृषि मेले की अपार सफलता की समीक्षा करते हुए व्यक्त किए।
किसानों के सहयोग से बना अनोखा मॉडल
धनखड़ ने कहा कि हरियाणा में किसानों के सहयोग से किसानों के लिए लगाया गया यह अपनी तरह का पहला अनूठा कृषि मेला था, जिसकी गूंज आज पूरे प्रदेश ही नहीं बल्कि देश भर में सुनाई दे रही है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उस दूरदर्शी सोच को दिया, जिसमें जन्मदिवस को सेवाभाव के रूप में मनाने का आह्वान किया गया था। इसके साथ ही उन्होंने किसानों, पार्टी कार्यकर्ताओं, सहयोगी संस्थाओं और आयोजन हेतु जगह उपलब्ध कराने वाले एमआर स्कूल के संचालक सोमबीर कोडान का आभार जताया।
बाजार की मांग के अनुरूप खेती और सीधी बिक्री पर जोर
पूर्व कृषि मंत्री ने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे भविष्य में इससे भी बड़े स्तर पर नए विषयों के साथ ऐसे मेलों का खाका तैयार करें। उन्होंने कहा कि हमारा मुख्य ध्येय किसानों की जमीन को बिकने से बचाना और उनकी आमदनी को दोगुना करना है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की:
”हर गांव, हर घर जाकर किसानों को समझाएं कि वे बाजार की मांग के अनुरूप उत्पादन करें और बिचौलियों के बजाय सीधे खुदरा बाजार में ग्राहक को बेचें। जब उत्पाद सीधे बिकेगा, तो पूरा मुनाफा सीधे किसान की जेब में जाएगा।”
खेती का पैटर्न बदलना समय की जरूरत
धनखड़ ने कहा कि अब समय आ गया है जब गेहूं और धान की पारंपरिक खेती के दायरे से बाहर निकलकर फूल, फल, सब्जी, डेयरी, मत्स्य और मधुमक्खी पालन जैसे विविधीकरण की ओर कदम बढ़ाना होगा।
मुनीमपुर उत्कृष्टता केंद्र: फूल उत्पादक किसानों को हर स्तर पर तकनीकी सहायता देने के लिए तैयार है।
रईया बागवानी केंद्र: सब्जी और फलों की उन्नत खेती के लिए किसानों का मार्गदर्शन कर रहा है।
एनसीआर का विशाल बाजार: हमारे पास दिल्ली-एनसीआर जैसा विशाल बाजार मौजूद है। यहां ताजे फल, फूल, सब्जियां और दूध सीधे ग्राहकों तक पहुंचाकर किसान बड़ा लाभ कमा सकते हैं।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष विकास वाल्मीकि, जिला परिषद चेयरमैन कप्तान बिरधाना, दिनेश कौशिक, डॉ. महिपाल यादव, सोमबीर कोडान, सुनील कादियान, कोबी अध्यक्ष प्रवीण गर्ग सहित भारी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और सहयोगी संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।



