काव्य संग्रह ‘बिखरे हुए जज़्बात’ का भव्य लोकार्पण, अतिथि कवियों ने श्रोताओं को किया मंत्रमुग्ध

बहादुरगढ़। काव्य सृजन को समर्पित संस्था कौशल काव्य पीठ के तत्वावधान में क्षेत्र की उदीयमान कवयित्री कौशल कबीर सोनू के प्रथम काव्य संग्रह ‘बिखरे हुए जज़्बात’ का लोकार्पण समारोह पुराने नजफगढ़ रोड स्थित द मून कैफे में समारोह पूर्वक संपन्न हुआ।
काव्य जगत की नवीनतम विधा ‘जनिका’ पर आधारित इस पुस्तक के लोकार्पण समारोह में दिल्ली व हरियाणा की विभिन्न साहित्यिक संस्थाओं से जुड़े कवियों-कवयित्रियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
कार्यक्रम में अंतर्राष्ट्रीय सकारात्मक साहित्य मंच के उपाध्यक्ष ओमप्रकाश कल्याणे व राष्ट्रीय कवि संगम जींद की संयोजिका शकुंतला काजल ‘शकुन’ के सानिध्य में यह आयोजन हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता शिक्षाविद अरमिंदर चौधरी ने की, जबकि मंच का कुशल संचालन गीतकार कृष्ण गोपाल विद्यार्थी ने किया।
देर शाम तक चले इस काव्योत्सव का शुभारंभ रोहतक से पधारे डॉ. चंद्र दत्त शर्मा की सरस्वती वंदना से हुआ।
काव्योत्सव में इन कवियों ने बांधा समां:
समारोह में पटौदी के बेबाक कवि जगन्नाथ सोनी, जींद के हरियाणवी गीतकार कदम सिंह, भिवानी के ग़ज़लकार पंकज ओम प्रेम, रोहतक के व्यंग्यकार पवन मित्तल, हांसी की युवा कवयित्री खुशबू जैन, झज्जर से पधारे कवि-चित्रकार खेमचंद सहगल, युवा कवि जय सिंह जीत व कवयित्री डॉ. गौरी अरोड़ा ने हिंदी व हरियाणवी रचनाओं से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इसके अलावा क्षेत्रीय कलमवीरों डॉ. मनजीत, विरेंद्र कौशिक, वेद भारती, जगबीर कौशिक, सुनीता श्री, सुरेश कौशिक, मुन्ना दिल्लेरी, मोहित कौशिक व दीपक मिश्र ने भी अपनी प्रतिनिधि रचनाओं से वाहवाही लूटी।
कार्यक्रम के अंत में कवयित्री कौशल कबीर सोनू ने अपने काव्य संग्रह से चुनिंदा रचनाओं की प्रस्तुति दी और कार्यक्रम में पधारे सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।



