दिल्ली एनसीआरदेश-दुनिया

बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश लेकर मनाया दशहरा

आओ मिलकर समाज की बुराइयों को मिटाएँ और अच्छाई की नई ज्योति जलाएँ :आशा शर्मा

बहादुरगढ़। दशहरे के पावन अवसर पर वैश्य आर्य शिक्षण महिला महाविद्यालय में सामाजिक बुराइयों के विरुद्ध जागरूकता का संदेश देते हुए दशहरा पर्व मनाया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय की स्वयंसेविकाओं ने रावण के प्रतीकात्मक रूप के माध्यम से समाज में व्याप्त दस बुराइयों का दहन किया। इनमें दहेज प्रथा, बेरोजगारी, कन्या भ्रूण हत्या, प्रदूषण, नशाखोरी, अशिक्षा, प्लास्टिक का उपयोग, वन कटाई, अंधविश्वास तथा अन्य सामाजिक कुरीतियों को दर्शाया गया।

स्वयंसेविकाओं ने संदेश दिया कि दशहरा केवल रावण के पुतले का दहन करने का पर्व नहीं है, बल्कि अपने भीतर और समाज में मौजूद बुराइयों को समाप्त करने का संकल्प लेने का अवसर भी है। उन्होंने समाज को जागरूक बनाने, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा के प्रसार तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. आशा शर्मा ने कहा कि दशहरा हमें सत्य, धर्म और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। वास्तविक दशहरा तभी सार्थक होगा, जब हम अपने जीवन से अहंकार, अज्ञानता, अंधविश्वास और सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करेंगे। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी, विशेषकर छात्राओं की सामाजिक परिवर्तन में महत्वपूर्ण भूमिका है। यदि प्रत्येक व्यक्ति एक बुराई को समाप्त करने का संकल्प ले, तो समाज को अधिक शिक्षित, सुरक्षित, स्वच्छ और संवेदनशील बनाया जा सकता है।

कार्यक्रम के माध्यम से स्वयंसेविकाओं ने यह संदेश दिया कि बुराई पर अच्छाई की विजय तभी संभव है, जब हम अपने कर्तव्यों का पालन करते हुए समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button