गुरूग्रामजनपददिल्ली एनसीआरविचार मंचसाहित्य-कला

राष्ट्रीय कवि संगम द्वारा आयोजित ‘काव्य निशा’ में पूरी रात बही काव्य की अविरल धारा।

गुरुग्राम, 25 अक्टूबर। राष्ट्रीय कवि संगम के तत्वावधान में आयोजित भव्य कवि सम्मेलन ‘काव्य निशा’ तमस से भोर तक साहित्य, संस्कृति, राष्ट्रभाव और काव्य-साधना के अनुपम उत्सव के रूप में संपन्न हुआ। गुरुग्राम के सेक्टर-9 स्थित सिद्धेश्वर स्कूल में 24 अक्टूबर की रात्रि नौ बजे से प्रारंभ हुआ यह साहित्यिक आयोजन 25 अक्टूबर की प्रातः छह बजे तक अनवरत चलता रहा। देश के विभिन्न क्षेत्रों से पधारे प्रतिष्ठित कवियों ने अपनी ओजस्वी, भावपूर्ण और प्रभावशाली काव्य प्रस्तुतियों से उपस्थित श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

‘राष्ट्र जागरण धर्म हमारा’ के ध्येय वाक्य के साथ आयोजित इस कवि सम्मेलन में साहित्यिक गरिमा की विविध छवियाँ देखने को मिलीं। शरद ऋतु की चाँदनी और रात्रि के मनोहारी वातावरण ने आयोजन को विशेष सौंदर्य प्रदान किया। कवियों ने राष्ट्रप्रेम और शृंगार के भावों से ओतप्रोत रचनाओं के माध्यम से श्रोताओं के हृदय में साहित्य के प्रति अनुराग और राष्ट्रीय चेतना के प्रति समर्पण का भाव जाग्रत किया।

दो सत्रों में चला साहित्य और काव्य का महाकुंभ

‘काव्य निशा’ का आयोजन दो सत्रों में संपन्न हुआ। प्रथम सत्र रात्रि नौ बजे से प्रारंभ होकर लगभग साढ़े बारह बजे तक चला। इस सत्र में आमंत्रित कवियों ने नगर के सुधी साहित्यप्रेमी श्रोताओं के समक्ष अपनी मौलिक रचनाओं का काव्यपाठ किया।

इसके पश्चात द्वितीय सत्र का प्रारंभ हुआ, जिसमें कवियों ने पुनः अपनी काव्य प्रस्तुतियों से समाँ बाँधा। रात्रि के उत्तरार्ध से लेकर प्रातःकाल तक कविता की अविरल धारा प्रवाहित होती रही। शरद की चाँदनी से लेकर सूर्य के प्रकाश के आगमन तक चले इस आयोजन ने साहित्यप्रेमियों को एक विशिष्ट काव्यानुभूति प्रदान की। काव्य आनंद के समक्ष नींद गहन प्रतीक्षा में चली गई!

राष्ट्रीय अध्यक्ष रमेश अग्रवाल ने कवियों को दिया प्रेरणादायी संदेश

कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय कवि संगम के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं अग्रवाल पैकर्स मूवर्स लिमिटेड के चेयरमैन श्री रमेश अग्रवाल जी ने की। उन्होंने कवियों को संबोधित करते हुए साहित्य और जीवन के बीच गहरे संबंध को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि कवि की सार्थकता केवल उसकी वाणी और रचनाओं में नहीं, बल्कि उसके आचरण और चरित्र में भी प्रतिबिंबित होनी चाहिए।

उन्होंने कवियों को प्रेरित किया कि वे अपनी कविताओं में व्यक्त आदर्शों, मूल्यों और विचारों को अपने जीवन में भी उतारें। कवि जो कहता है, वह उसके व्यवहार में भी दिखाई देना चाहिए। उसकी अभिव्यक्ति प्रामाणिक होनी चाहिए और उसके व्यक्तित्व तथा रचनाओं में एकरूपता होनी चाहिए। तभी उसकी कविता का संदेश समाज पर स्थायी प्रभाव छोड़ सकता है।

उनका यह प्रेरक संदेश उपस्थित कवियों के लिए साहित्यिक दायित्व, व्यक्तिगत आचरण और सामाजिक उत्तरदायित्व की महत्ता को रेखांकित करने वाला रहा।

विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति

कार्यक्रम में श्री रामअवतार गर्ग जी, चेयरमैन, हरियाणा डेयरी विकास सहकारी प्रसंघ, विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं श्री नरेश चावला जी, चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर, Kaizen Metal Forming Pvt. Ltd., मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए।

इसके अतिरिक्त श्री अश्विनी अग्रवाल जी राष्ट्रीय वित्त सचिव तथा श्री मनमोहन गुप्ता जी, संरक्षक हरियाणा सहित कुछ अन्य गणमान्य व्यक्ति भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

यह कार्यक्रम स्वर्गीय श्री जगदीश मित्तल परमार्थी जी को समर्पित रहा। उनके प्रति श्रद्धा और सम्मान व्यक्त करते हुए इस साहित्यिक आयोजन को उनकी स्मृति में समर्पित किया गया।

देशभर के प्रतिष्ठित कवियों ने काव्यपाठ से बांधा समां

‘काव्य निशा’ में देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए कवियों ने अपनी विशिष्ट काव्यशैली और प्रभावशाली अभिव्यक्ति से श्रोताओं को भावविभोर किया। आयोजन में डॉ. अशोक बत्रा, कृष्ण गोपाल विद्यार्थी, सुजीत कुमार,त्रिलोक कौशिक, वीणा अग्रवाल, राजपाल यादव, विकास यशकीर्ति , पी. के. आजाद, कुमार राघव, विनय विनम्र, कल्पना शुक्ला, जय सिंह जीत तथा अनिल श्रीवास्तव सहित अनेक प्रतिष्ठित कवियों ने अपनी रचनाएँ प्रस्तुत कीं।

इसके अतिरिक्त मोनिका शर्मा, चाँदनी केशरवानी,पुष्पलता आर्य, शकुन्तला काजल, रेणु मिश्रा, रश्मि ममगाई, वेद भारती, राजपाल यादव, दास आरोही ‘आनंद’, धर्मवीर सिंह, नेहा शर्मा ‘नमन’, पुनीत पांचाल, प्रशांत गुप्ता तथा अपराजिता शौर्य ने भी अपने काव्यपाठ से आयोजन को समृद्ध किया।

कार्यक्रम में प्रियंका राय ओम नन्दिनी तथा मंजु शाक्या सहित अन्य रचनाकारों ने भी सहभागिता की। विभिन्न क्षेत्रों से आए इन रचनाकारों ने अपनी मौलिक रचनाओं, भावपूर्ण अभिव्यक्ति और विविध काव्य-विषयों के माध्यम से सम्मेलन को बहुआयामी स्वरूप प्रदान किया।

कवियों की प्रस्तुतियों में ओज, वीर रस, राष्ट्रप्रेम, शृंगार, हास्य-व्यंग्य और मानवीय संवेदनाओं के विविध रंग दिखाई दिए। सभी कवियों ने शरद ऋतु की चाँदनी और रात्रि के काव्यमय वातावरण को ध्यान में रखते हुए राष्ट्रप्रेम तथा गरिमामय शृंगार के में प्रस्तुत रचनाओं ने भारतीय संस्कृति, राष्ट्रीय गौरव, सामाजिक दायित्व और जीवन-मूल्यों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया। कवियों की अभिव्यक्ति में जहाँ राष्ट्र के प्रति समर्पण और सांस्कृतिक चेतना का स्वर मुखर हुआ, वहीं शृंगार और प्रकृति से संबंधित कविताओं ने साहित्य की कोमल संवेदनाओं को भी प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।

इस आयोजन ने यह संदेश दिया कि कविता समाज को जोड़ने, विचारों को दिशा देने और मनुष्य के भीतर संवेदनशीलता जागृत करने का सशक्त माध्यम है। कवि जब अपनी रचनाओं के माध्यम से आदर्शों की स्थापना करते हैं और स्वयं भी उन मूल्यों को अपने आचरण में स्थान देते हैं, तब साहित्य की सार्थकता और अधिक बढ़ जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button