बहादुरगढ़सुनो सरकारहरियाणा
बहादुरगढ़ की प्रमुख समस्याओं में शामिल है कुत्तों की नसबंदी

बहादुरगढ़। शहर की सड़कों पर खौफ का राज है और नगर परिषद फाइलों के फेर में फंसी है। सिविल अस्पताल की ओपीडी गवाह है—जहां हर रोज 50 से अधिक जख्मी नागरिक ‘एंटी-रेबीज’ इंजेक्शन लगवाने के लिए कतारों में खड़े हैं। इसके बावजूद नगर परिषद का तंत्र आठ महीने बाद नींद से जागा है और करीब 4 हजार बेसहारा कुत्तों के बधियाकरण के लिए दोबारा टेंडर निकाला गया है।
पिछली बार आठ महीने पहले जब टेंडर हुआ था, तो कथित जीव-प्रेमियों के विरोध और ठेकेदारों की बेरुखी के चलते कागजी कार्रवाई कचरे के डिब्बे में चली गई थी। सवाल यह है कि क्या इस बार भी टेंडर केवल औपचारिक साबित होगा या फिर शहरवासियों को आवारा कुत्तों के आतंक से वास्तविक मुक्ति मिलेगी?



