Uncategorizedदिल्ली एनसीआरधर्म-धरोहरबहादुरगढ़हरियाणा

भजनों की मधुर तानों से गुंजायमान हुआ डीएवी स्कूल, विद्यार्थियों ने दिया वैदिक संस्कारों का संदेश

​पाश्चात्य प्रभाव के दौर में भारतीय संस्कारों को सहेजना समय की मांग : डॉ. इंदु शर्मा

​बहादुरगढ़(कृष्ण गोपाल विद्यार्थी) सेक्टर-6 स्थित डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल के प्रांगण में वैदिक मूल्यों एवं समृद्ध डी.ए.वी. परंपराओं को समर्पित एक भव्य एवं दिव्य ‘भजन संध्या’ का आयोजन अत्यंत श्रद्धा व उल्लास के साथ किया गया। संपूर्ण वातावरण ईश्वरीय भक्ति और सुरमयी भजनों की गूंज से सराबोर रहा।

​संस्कार ही हमारी वास्तविक पहचान : प्राचार्या
समारोह को संबोधित करते हुए प्राचार्या डॉ. इंदु शर्मा ने कहा, “आज जब पाश्चात्य संस्कृति का प्रभाव तेजी से बढ़ रहा है, ऐसे समय में अपनी गौरवशाली भारतीय सांस्कृतिक विरासत, वैदिक परंपराओं और नैतिक मूल्यों का संरक्षण करना परम आवश्यक है। संगीत और भक्ति जैसे सशक्त माध्यमों से नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ना ही समय की सबसे बड़ी मांग है।”
​इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
इस आध्यात्मिक संध्या में डॉ. प्रमोद कुमार योगार्थी, मोनिका गर्ग, डॉ. अंजू अग्रवाल, ब्रह्मजीत छिकारा एवं उनकी धर्मपत्नी, जयपाल दहिया, ईश्वर आर्य, राजेश राठी, हरि ओम दलाल, बिजेंद्र खोखर, सत्यपाल वत्स तथा संतलाल मलिक सहित भारी संख्या में अभिभावक, शिक्षकगण एवं विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
​कार्यक्रम का समापन विश्व कल्याण की कामना के साथ सामूहिक ‘शांति पाठ’ एवं प्रसाद वितरण के साथ हुआ।

​कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ प्राचार्या डॉ. इंदु शर्मा तथा आर्य समाज समिति के गणमान्य सदस्यों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं सामूहिक गायत्री मंत्र के पावन उच्चारण के साथ हुआ। मंच का कुशल एवं प्रभावी संचालन कक्षा 11वीं की मेधावी छात्राओं नेहा और वंशिका शर्मा ने किया।
​विद्यार्थियों के सुरों ने मोहा मन
संगीत शिक्षक विजय सैलानी, प्रेम एवं धारणा के कुशल मार्गदर्शन में एलकेजी से लेकर 12वीं कक्षा तक के छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक भावपूर्ण भजनों की प्रस्तुतियां देकर उपस्थित श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस अवसर पर डी.ए.वी. पुलिस पब्लिक स्कूल, हिसार से आए संगीत शिक्षक त्रिभुवन बख्शी, अमित तथा विद्यार्थी आयुष, वेदांत एवं कुसुम ने भी अपनी विशिष्ट प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button