बिटिया के जन्मदिवस पर जरूरतमंद महिलाओं को वितरित की सिलाई मशीनें

बहादुरगढ़ (कृष्ण गोपाल विद्यार्थी) वार्ड नं. 14 स्थित शास्त्री नगर की बेटी ज्योति सैनी ने अपनी बिटिया अद्विका के जन्मदिवस को समाजसेवा के उत्सव के रूप में मनाते हुए एक अनुकरणीय मिसाल कायम की। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में ज्योति सैनी ने 5 जरूरतमंद महिलाओं को सिलाई मशीनें वितरित कीं ताकि वे आत्मनिर्भर बनकर अपने परिवार का सहारा बन सकें। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पूर्व पार्षद जसबीर सैनी ने इस नेक कार्य की सराहना करते हुए कहा कि वे समय-समय पर सिलाई मशीन वितरित करते रहते हैं और आज उन्हें खुशी है कि शास्त्री नगर की बेटी ज्योति सैनी ने भी इसी परंपरा को आगे बढ़ाया है। इस अवसर पर ज्योति सैनी ने कहा कि हमें अपने बच्चों के जन्मदिवस या किसी भी खुशी के मौके को सिर्फ दिखावे में नहीं, बल्कि समाज सेवा में लगाना चाहिए। जन्मदिवस को विशेष बनाने का सबसे अच्छा तरीका किसी जरूरतमंद की मदद करना है। सिलाई मशीन देने का मेरा मकसद सिर्फ महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने वार्ड के लोगों से भावुक अपील करते हुए कहा कि मेरा सभी से हाथ जोड़कर आग्रह है, जन्मदिवस, सालगिरह या किसी त्यौहार पर केक काटने के साथ-साथ किसी गरीब बहन की भी मदद जरूर करें। किसी बहन को किसी भी तरह की जरूरत हो और हम उसके काम आ सकें तो हम अपने आप को सौभाग्यशाली समझेंगे। उन्होंने कहा कि वे सामाजिक कार्य में विश्वास रखती हैं और भविष्य में भी इस तरह के कार्यक्रम करती रहेंगी। किसी भी जरूरतमंद परिवार को जो उनका सामर्थ्य है, वे उसकी मदद जरूर करेंगी। इस अवसर पर अनीता देवी, मुकेश देवी, राजरानी, लक्ष्मी, सोना देवी, नीरज कुमार, सुभाष शर्मा,प्रदीप कुमार, ममता सैनी, डॉ रोहित, किरण, अभिषेक, डॉ धीरज, भावना, पुनीत आदि मौजूद थे



