त्योहारों के मद्देनजर दादरी रेलवे स्टेशन पर चला चेकिंग अभियान

दादरी (सुनील गर्ग)। आगामी त्योहारों को देखते हुए रेलवे यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर प्रयागराज मंडल के अंतर्गत पोस्ट दादरी में शुक्रवार को ज्वलनशील पदार्थों और प्रतिबंधित सामानों के विरुद्ध विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान रेलवे स्टेशन पर ठहराव करने वाली ट्रेनों और प्लेटफार्मों की सघन तलाशी ली गई।
प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि अभियान के तहत आरपीएफ के उपनिरीक्षक अनिल कुमार, सहायक उपनिरीक्षक राजनाथ चौबे तथा जीआरपी दादरी के उपनिरीक्षक मोहम्मद दानिश ने हमराह स्टाफ के साथ संयुक्त रूप से चेकिंग की। टीम ने रेलवे स्टेशन पर ठहरने वाली ट्रेन संख्या 64152 और 64426 के साथ प्लेटफार्म पर भी जांच अभियान चलाया।
चेकिंग के दौरान यात्रियों के सामान और आसपास के क्षेत्रों की जांच की गई। हालांकि, इस दौरान कोई भी ज्वलनशील पदार्थ या प्रतिबंधित सामान बरामद नहीं हुआ।
रेलवे सुरक्षा बल और जीआरपी की संयुक्त टीम ने बताया कि त्योहारों के दौरान यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार के चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेंगे।



