उत्तर प्रदेशजनपद

जमीन के सौदों में धोखाधड़ी और धमकी देने का आरोप, पीड़ित ने लगाई न्याय की गुहार

दादरी। मूल रूप से बराल निवासी बाबू खान ने जमीन की खरीद-फरोख्त के कारोबार में कथित धोखाधड़ी, आर्थिक शोषण और धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित ने इस संबंध में डीसीपी ग्रेटर नोएडा को लिखित शिकायत देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

बाबू खान के अनुसार, बुलंदशहर से दादरी आकर कारोबार शुरू करने के दौरान उनकी मुलाकात मुजम्मिल नामक व्यक्ति से हुई थी। इसके बाद दोनों ने कमीशन के आधार पर जमीन के लेन-देन का काम शुरू किया।

पीड़ित का आरोप है कि मुजम्मिल ने रिश्तेदारी और आपसी विश्वास का हवाला देकर उनसे जमीन के कई सौदों में रजिस्ट्री कराई। उन्हें भरोसा दिलाया गया था कि रजिस्ट्री होने के बाद उनकी बकाया रकम का भुगतान कर दिया जाएगा, लेकिन आरोप है कि रजिस्ट्री कराने के बावजूद उन्हें पूरी रकम नहीं मिली। बार-बार मांगने पर केवल आश्वासन देकर मामला टाल दिया गया।

पीड़ित ने आरोप लगाया कि अब मुजम्मिल और उसके साथ आने वाले कुछ लोग उन पर लगातार दबाव बना रहे हैं। इनमें एक व्यक्ति को उन्होंने दादरी कोतवाली क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर बताया है। बाबू खान का कहना है कि कभी जमीन देने तो कभी पैसे लौटाने की बात कहकर उन्हें परेशान किया जा रहा है। उन्होंने जबरदस्ती जमीन के बैनामे कराने और अब धमकियां देने का भी आरोप लगाया है।

पीड़ित ने बताया कि उन्होंने डीसीपी ग्रेटर नोएडा को लिखित शिकायत देकर कथित धोखाधड़ी, बकाया रकम और धमकी देने के आरोपों की जांच कराने की मांग की है। साथ ही उन्होंने दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए अपनी बकाया रकम वापस दिलाने की अपील की है। अब पुलिस जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल दूसरे पक्ष का जवाब सामने नहीं आया है।

डिस्क्लेमर: यह खबर पीड़ित की शिकायत के आधार पर है। दूसरे पक्ष का पक्ष आने पर उसे भी प्रकाशित किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button