दिवाली के दौरान उल्लुओं के अवैध शिकार की आशंका ने वन विभाग की चिंता बढ़ा दी है।

Hastinapur meerut 8 november
अंधविश्वास के चलते उल्लुओं की बलि और उनके अंगों का तांत्रिक क्रियाओं में उपयोग किया जाता है। इसी कारण वन विभाग ने हस्तिनापुर वन्यजीव अभयारण्य सहित पांच जिलों के वन क्षेत्रों में अलर्ट जारी किया है।
कहां-कहां अलर्ट है?
मेरठ, मुजफ्फरनगर, हापुड़, बिजनौर और अमरोहा के 2073 वर्ग किलोमीटर में फैले वन क्षेत्रों में उल्लुओं की सुरक्षा के लिए निगरानी बढ़ाई गई है।
हस्तिनापुर अभयारण्य के संवेदनशील क्षेत्रों में सघन गश्त की जा रही है। एक क्विक रिस्पांस टीम (QRT) को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है।
वन विभाग क्या कर रहा है?
वन क्षेत्राधिकारी खुशबू उपाध्याय ने बताया कि वनकर्मी दिन-रात जंगल में पेट्रोलिंग कर रहे हैं। जंगल से सटे उन इलाकों पर विशेष नजर है, जहां अवैध शिकार और तस्करी की आशंका रहती है।
अधिकारियों और वनकर्मियों की छुट्टियों पर रोक लगाई गई है
पुराने पेड़ों और उल्लुओं के संभावित ठिकानों की 24 घंटे निगरानी की जा रही है
जंगल से सटे गांवों और संवेदनशील रास्तों पर विशेष गश्त
हस्तिनापुर में कौन-सी प्रजातियां पाई जाती हैं?
हस्तिनापुर में ये प्रमुख प्रजातियां पाई जाती हैं:
सफेद उल्लू / बार्न आउल
खुटरी / स्पॉटेड आउलेट
भारतीय स्कॉप्स उल्लू
भारतीय ईगल आउल
डस्की ईगल आउल
क्यों निशाने पर रहते हैं उल्लू?
दिवाली पर लक्ष्मी पूजन से जोड़कर फैले अंधविश्वास में कुछ लोग मानते हैं कि उल्लू की बलि देने से धन मिलेगा। इसी भ्रांति के चलते तांत्रिकों की नजर उल्लुओं पर रहती है।
प्राचीन जयंती माता शक्तिपीठ मंदिर के संस्थापक अध्यक्ष सुदेश कुमार ने भी उल्लुओं की बलि की आशंका बताई। उन्होंने कहा कि दिवाली पर लक्ष्मी पूजन का उद्देश्य सुख, शांति और सद्बुद्धि की कामना करना है। किसी जीव की हत्या करना इसका उद्देश्य नहीं है। उन्होंने लोगों से ऐसी भ्रांतियों से दूर रहने की अपील की।
उल्लू क्यों जरूरी हैं?
वन विभाग के मुताबिक उल्लू जैव विविधता का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। वन क्षेत्राधिकारी के अनुसार, उल्लू रात्रिकालीन प्रहरी की भूमिका निभाते हैं। वे चूहों, छछूंदरों और कीटों का शिकार कर खाद्य शृंखला का संतुलन बनाए रखते हैं।
वन संरक्षक आदर्श कुमार ने बताया कि उल्लुओं का संरक्षण समृद्ध जैव विविधता की रक्षा है। वन विभाग पुराने वृक्षों और प्राकृतिक घोंसला स्थलों को सुरक्षित रखने को प्राथमिकता दे रहा है।
अगर आपको कहीं उल्लू का शिकार, बिक्री या तस्करी दिखे तो तुरंत वन विभाग / पुलिस को सूचना दें। उल्लू वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत संरक्षित पक्षी है, इसका शिकार अपराध है।



