गाजियाबाद में दिव्यांग मतदाताओं के लिए सुगम मतदान की तैयारी, Form-8 से कराएं PwD Marking : जिलाधिकारी

गाजियाबाद, 13 नवंबर 2026
आगामी विधानसभा निर्वाचन को लेकर जिला प्रशासन ने दिव्यांग मतदाताओं के लिए सुगम एवं सुलभ मतदान की विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिलाधिकारी श्री रविन्द्र कुमार माँदड़ ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा दिव्यांग मतदाताओं को मतदान के दौरान कई विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि जिन दिव्यांगजनों का मतदाता पहचान पत्र (EPIC) पहले से बना हुआ है, लेकिन मतदाता सूची में उनकी दिव्यांगजन (PwD) के रूप में मार्किंग नहीं हुई है, वे ऑनलाइन Form-8 के माध्यम से अपनी PwD Marking करा सकते हैं। PwD Marking होने के बाद ही दिव्यांग मतदाता आयोग द्वारा निर्धारित दिव्यांग-अनुकूल सुविधाओं का लाभ प्राप्त कर सकेंगे।
दिव्यांग मतदाताओं को मिलेंगी ये सुविधाएं
मतदान केंद्र पर व्हीलचेयर की सुविधा
मतदान केंद्र पर रैंप एवं सुगम आवागमन की व्यवस्था
अलग कतार एवं प्राथमिकता के आधार पर मतदान
मतदान केंद्र पर स्वयंसेवक की सहायता
पात्र दिव्यांग मतदाताओं के लिए निःशुल्क परिवहन एवं पिकअप-ड्रॉप व्यवस्था
दृष्टिबाधित मतदाताओं के लिए ब्रेल सुविधायुक्त EVM एवं अन्य आवश्यक सहायता
आवश्यकता के अनुसार मतदान प्रक्रिया में विशेष सहायता
Form-8 से PwD Marking की प्रक्रिया
दिव्यांगजन चार आसान चरणों में ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं —
चरण 1: मोबाइल अथवा कंप्यूटर पर भारत निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://voters.eci.gov.in/ खोलें तथा मोबाइल नंबर और OTP के माध्यम से Login / Sign Up करें।
चरण 2: होम पेज पर Form-8 का विकल्प चुनें तथा Application for में चौथा विकल्प Request for Marking as Person with Disability चुनें।
चरण 3: अपना EPIC नंबर, व्यक्तिगत विवरण, दिव्यांगता की श्रेणी एवं दिव्यांगता संबंधी आवश्यक जानकारी भरें।
चरण 4: घोषणा स्वीकार कर आवेदन Submit करें तथा प्राप्त Reference / Acknowledgement Number सुरक्षित रखें। आवेदन की स्थिति Track Application Status के माध्यम से देखी जा सकती है।
जिलाधिकारी श्री रविन्द्र कुमार माँदड़ ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जनपद के अधिक से अधिक दिव्यांग मतदाताओं को PwD Marking कराने के लिए जागरूक किया जाए, जिससे आगामी विधानसभा निर्वाचन में कोई भी पात्र दिव्यांग मतदाता निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित सुविधाओं से वंचित न रहे।



