
बहादुरगढ़: जौहरी नगर स्थित मान सिंह हाई स्कूल का प्रांगण शुक्रवार को विद्यार्थियों की कलात्मक सोच और सतरंगी रंगों की छटा से गुलजार नजर आया। बच्चों के भीतर छिपी रचनात्मक प्रतिभा को मंच देने के उद्देश्य से विद्यालय में एक भव्य रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न कक्षाओं के छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ अपनी कल्पनाशीलता के रंग भरे।
कड़े मुकाबले में इन्होंने मारी बाजी
प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने बेहद बारीक और आकर्षक डिजाइनों के माध्यम से अपनी कला का लोहा मनवाया। निर्णायक मंडल के मूल्यांकन के बाद परिणाम घोषित किए गए, जिसमें कक्षा 10वीं-ए ने अपनी उत्कृष्ट कलाकारी के दम पर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं, कक्षा 5वीं-बी दूसरे और कक्षा 7वीं-बी तीसरे स्थान पर रही।
प्रबंधन ने की नन्हे कलाकारों की सराहना
स्कूल चेयरपर्सन निर्मला देवी, प्राचार्य नरेंद्र कुमार और उप प्राचार्य अशोक कुमार ने विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई रंगोलियों का बारीकी से अवलोकन किया और उनकी सृजनशीलता की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि इस प्रकार की सह-शैक्षणिक गतिविधियां बच्चों में केवल कलात्मक कौशल ही नहीं निखारतीं, बल्कि उनके भीतर टीम वर्क, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच का भी संचार करती हैं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षक नरेश कुमार, कुलदीप, अंजली, शीला, मंजीत, पूनम, राजबाला, रिंकल और हरेंद्र सहित समस्त स्कूल स्टाफ का विशेष योगदान रहा।



