दादरी: पुलिस के सामने फैसला होने के बाद भी घर में घुसकर मारपीट, पुलिस जांच में जुटी
दादरी (ग्रेटर नोएडा)। दादरी कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत पुलिस के सामने फैसला हो जाने के बावजूद घर में घुसकर परिजनों के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने कोतवाली में शिकायत दी है। शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रामपुर फतेहपुर निवासी विकास ने शिकायत दी है कि 11 नवंबर को प्रार्थी की दीपक के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी।
विकास का कहना है कि इस मामले का फैसला सिरसा पुलिस चौकी पर हो गया था। फैसला हो जाने के कुछ देर बाद ही दीपक, कुणाल, चिराग व सोनू घर में घुस आए।
आरोप है कि चारों ने विकास के साथ ही उसकी पत्नी व अन्य परिजनों के साथ लाठी-डंडों व लोहे के पंच से जमकर मारपीट की।
घटना की शिकायत दर्ज कर पुलिस शिकायत के आधार पर जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।



