दादरी: जारचा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, लापता हुए 4 बच्चे सकुशल बरामद

दादरी (ग्रेटर नोएडा)। जारचा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लापता हुए लगभग 10 से 12 वर्ष उम्र के 4 बच्चों को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
बताया गया है कि चारों बच्चे स्कूल जाने के लिए घर से निकले थे, लेकिन वे घर वापस नहीं पहुंचे। परिजनों द्वारा काफी तलाश किए जाने के बावजूद बच्चों का कोई पता नहीं चलने पर थाना जारचा पर सूचना दी गई।
सूचना प्राप्त होते ही थाना जारचा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बच्चों की तलाश के लिए पुलिस टीमों का गठन किया। पुलिस टीमों ने सीसीटीवी कैमरों की मदद से संभावित स्थानों पर लगातार तलाश की।
अथक प्रयासों के पश्चात चारों बच्चों को एनटीपीसी रोड के पास से सकुशल बरामद कर लिया गया। इसके बाद पुलिस ने बच्चों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
अपने बच्चों को सकुशल वापस पाकर परिजनों के चेहरे खिल उठे। परिजनों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, सक्रियता एवं संवेदनशील कार्यशैली की प्रशंसा की।



