बहादुरगढ़साहित्य-कलाहरियाणा

गीतों, ग़ज़लों और देशभक्ति के रंगों से सजी ‘परम्परा’ की काव्य संध्या

सात समंदर पार से जुटे रचनाकार

​गुरुग्राम। साहित्य और समाज के सरोकारों को समर्पित संस्था ‘कृष्णादित्य परम्परा परिवार’ की साहित्यिक साधना में एक और सुनहरा अध्याय जुड़ गया। संस्था की ओर से प्रख्यात गीतकार स्व. डॉ. कुँअर बेचैन की पावन स्मृति में एक भव्य ‘दीपावली काव्य संध्या’ का आयोजन किया गया, जिसमें अमेरिका, ब्रिटेन और ऑस्ट्रेलिया से आए भारतीय प्रवासी कवियों के साथ देश के ख्यातिलब्ध साहित्यकारों का अद्भुत संगम देखने को मिला।
​कार्यक्रम की शुरुआत माँ वीणावादिनी के चरणों में दीप प्रज्ज्वलन और इंदु ‘राज’ निगम के मधुर स्वर में प्रस्तुत सरस्वती वंदना के साथ हुई। इसके बाद मंचासीन सभी अतिथि साहित्यकारों को अंगवस्त्र व स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
​लगभग तीन घंटे तक अविरल बही काव्यधारा में देशभक्ति, शृंगार और हास्य-व्यंग्य के विविध रंग देखने को मिले। सात समंदर पार से पधारे प्रवासी कवियों में अमेरिका से डॉ. सतीश मलिक, ऑस्ट्रेलिया से प्रगीत कुँअर व डॉ. भावना कुँअर और ब्रिटेन से अंजलि ने अपनी सशक्त रचनाओं से श्रोताओं को बाँध लिया। वहीं, दिल्ली से पधारे वरिष्ठ साहित्यकार लक्ष्मी शंकर बाजपेयी, ममता किरण, प्रेम बिहारी मिश्र, संजीव दुआ, गाज़ियाबाद से वरिष्ठ पत्रकार व कवि राज कौशिक तथा गजरौला से डॉ. मधु चतुर्वेदी ने अपनी ग़ज़लों, गीतों और पुरअसर मुक्तकों से महफ़िल को रूहानी ऊँचाइयों तक पहुँचाया।
​मंच का सधा हुआ, गरिमामयी और चुटीले अंदाज़ में संचालन संस्था के संस्थापक व आशुकवि राजेन्द्र निगम ‘राज’ तथा संयोजिका इन्दु ‘राज’ निगम ने संयुक्त रूप से किया।
​कार्यक्रम में वरिष्ठ साहित्यकार लक्ष्मी शंकर बाजपेयी ने कहा कि ‘परम्परा’ परिवार द्वारा विदेशों में रह रहे भारतीय रचनाकारों को जोड़कर हिन्दी की जो अलख जगाई जा रही है, वह वास्तव में स्तुत्य और अनुकरणीय प्रयास है। वहीं, राज कौशिक ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि एक लंबे अरसे बाद ऐसा मंच मिला जहाँ विशुद्ध और श्रेष्ठ साहित्य का रसपान करने का अवसर प्राप्त हुआ। डॉ. मधु चतुर्वेदी ने संस्था के प्रति आभार जताते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से न केवल आयोजकों के मातृभाषा प्रेम की झलक मिलती है, बल्कि नए विचारों और शब्दों की समृद्ध थाती भी हासिल होती है।
​अंत में सभी उपस्थित रचनाकारों और श्रोताओं ने ‘परम्परा’ परिवार के इस अनवरत साहित्यिक अभियान की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए संस्था की निरंतर प्रगति के लिए शुभकामनाएँ दीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button