बाल विकास स्कूल में सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित

— छात्राओं ने पोस्टर के माध्यम से दिया सत्यनिष्ठा और ईमानदारी का संदेश
बहादुरगढ़। केंद्रीय सतर्कता आयोग के निर्देशानुसार 1 नवंबर 2026 तक मनाए जा रहे सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत सराय औरंगाबाद के नजदीक स्थित बाल विकास सीनियर सेकेंडरी स्कूल में 27 अक्टूबर को पोस्टर बनाने की प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस वर्ष सतर्कता जागरूकता सप्ताह की थीम ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ रखी गई है।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पोस्टरों के माध्यम से ईमानदारी, पारदर्शिता, नैतिक मूल्यों और भ्रष्टाचार मुक्त समाज का संदेश दिया। प्रतियोगिता में 12वीं कॉमर्स की वर्षा ने प्रथम, आठवीं कक्षा की श्रेया मिश्रा ने द्वितीय तथा 11वीं साइंस की प्रिया कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
स्कूल के डायरेक्टर एडवोकेट प्रवीण छिल्लर, डॉ. सीमा छिल्लर और प्राचार्या डॉ. पूनम चौधरी ने विजेता छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों में बचपन से ही ईमानदारी, सत्यनिष्ठा और नैतिक मूल्यों की भावना विकसित करना जरूरी है। इस प्रकार की गतिविधियां बच्चों को सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उन्हें सही मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने कहा कि सतर्कता जागरूकता सप्ताह का उद्देश्य लोगों को ईमानदारी और पारदर्शिता के महत्व के प्रति जागरूक करना तथा समाज में सत्यनिष्ठा की भावना को मजबूत बनाना है। स्कूल में इस तरह की गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और नैतिक शिक्षा पर विशेष जोर दिया जाता है।



