सामाजिक सरोकारों में सहभागी बनें उद्योगपति, सीएसआर से विकास को मिलेगी नई गति : डीसी वर्षा खांगवाल

प्रशासन और उद्योग जगत के समन्वय से बदलेगी बहादुरगढ़ की तस्वीर
शिक्षा, स्वास्थ्य, आंगनबाड़ी और पर्यावरण संरक्षण पर विशेष जोर देने का आह्वान
बहादुरगढ़ ( कृष्ण गोपाल विद्यार्थी): औद्योगिक नगरी बहादुरगढ़ के समग्र विकास और नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने उद्योगपतियों के साथ मिलकर एक नई पहल की है। बुधवार को नगर परिषद सभागार में आयोजित अहम बैठक में उपायुक्त वर्षा खांगवाल ने स्थानीय उद्यमियों से कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी के तहत जनकल्याणकारी योजनाओं में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
बैठक में डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि कोई भी क्षेत्र केवल सरकारी प्रयासों से पूर्ण रूप से सशक्त नहीं हो सकता; उद्योग जगत सामाजिक दायित्व निभाते हुए प्रशासन के साथ मिलकर क्षेत्र के कायाकल्प में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने विशेष रूप से रेखांकित किया कि जो वंचित अथवा जरूरतमंद व्यक्ति किन्हीं कारणों से सरकारी योजनाओं के दायरे में नहीं आ पाते, सीएसआर फंड के माध्यम से उन तक तत्काल मदद पहुंचाई जा सकती है।
प्राथमिकता वाले क्षेत्रों की पहचान करें उद्यमी
डीसी ने उद्यमियों से आग्रह किया कि वे अपने संस्थान के आसपास के क्षेत्र की जमीनी जरूरतों को परखें और प्राथमिकता के आधार पर विकास कार्यों का चयन करें। उन्होंने कहा कि:
शिक्षा व स्वास्थ्य: प्राथमिक विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों और नागरिक अस्पतालों के बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जाए।
पर्यावरण व स्वच्छता: क्षेत्र में स्वच्छता अभियान, पौधरोपण और हरित पट्टियों के विकास में सीएसआर फंड का सदुपयोग हो।
प्रशासनिक सहयोग: जनहित के इन प्रोजेक्ट्स को धरातल पर उतारने के लिए प्रशासन उद्यमियों को हर स्तर पर जरूरी मार्गदर्शन, समन्वय और सुगमता प्रदान करेगा।
बैठक की शुरुआत में नगर परिषद की चेयरपर्सन सरोज राठी ने डीसी वर्षा खांगवाल का स्वागत किया। इस अवसर पर एसडीएम अभिनव सिवाच, एमएसएमई अधिकारी संजीत कौर सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और शहर के प्रमुख उद्योगपति उपस्थित रहे।



