दिल्ली एनसीआरबहादुरगढ़हरियाणा

खुले दरबार में गूंजी जाम और बदहाल यातायात की समस्याएं, डीसी ने दिए त्वरित समाधान के निर्देश​टिकरी बॉर्डर से सेक्टर-9 तक बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटें चालू कराने और अतिक्रमण हटाने की मांग​स्कूलों के गेट अंदर से खोलने का आग्रह, बच्चों की सुरक्षा और जाम से निजात पर दिया जोर

​बहादुरगढ़ (कृष्ण गोपाल विद्यार्थी):
लघु सचिवालय परिसर में आयोजित उपायुक्त के ‘खुले दरबार’ में शहर की बदहाल यातायात व्यवस्था, अतिक्रमण और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दों की गूंज रही। स्थानीय नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों के एक संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त वर्षा खांगवाल और एसडीएम के समक्ष जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उपायुक्त ने सभी बिंदुओं पर संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित व प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश जारी किए।
​खुले दरबार में मनोनीत पार्षद भीम प्रणामी, समाजसेवी सनवीर दलाल, पप्पू दलाल और प्रॉपर्टी डीलर एसोसिएशन के प्रधान बलराज दलाल ने शहर के विभिन्न हिस्सों में व्याप्त समस्याओं का ब्योरा रखा।
​अतिक्रमण से लग रहा जाम, जल्द चले पीला पंजा
मनोनीत पार्षद भीम प्रणामी ने सेक्टर-6 और सेक्टर-7 की जमीनी समस्याओं से अधिकारियों को रूबरू कराया। उन्होंने बताया कि सेक्टर-6 के ईस्ट गेट पर खोखाधारकों ने अवैध कब्जा कर रखा है। वहीं, ताऊ देवीलाल पार्क के समीप सेक्टर-6 के मोड़ पर सड़क किनारे लगने वाली रेहड़ियों और बूथों के चलते दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। उन्होंने नगर परिषद के ईओ और एमई से तुरंत अभियान चलाकर इस अतिक्रमण को हटवाने की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसी और एसडीएम ने नगर परिषद अधिकारियों को जल्द से जल्द कार्रवाई करने के आदेश दिए।
​चार साल से बंद स्ट्रीट लाइटें और स्कूलों के बाहर जाम का मुद्दा उठा
प्रतिनिधिमंडल ने सुरक्षा के लिहाज से बेहद संवेदनशील टिकरी बॉर्डर से सेक्टर-9 तक के मार्ग का मामला उठाया, जहां पिछले करीब चार वर्षों से स्ट्रीट लाइटें बंद पड़ी हैं। इसके अलावा बाल भारती स्कूल और सेंचुरी स्कूल के मुख्य गेट मुख्य सड़क पर होने से सुबह स्कूल शुरू होने और दोपहर में छुट्टी के समय लगने वाले भीषण जाम पर चिंता व्यक्त की गई।
​भीम प्रणामी ने दोनों स्कूलों के प्रबंधन एवं प्राचार्यों से अपील की कि विद्यार्थियों के सुरक्षित प्रवेश और निकासी के लिए मुख्य सड़क के गेट की बजाय परिसर के अंदर बने वैकल्पिक गेटों का उपयोग किया जाए, जिससे मुख्य सड़क पर वाहनों का दबाव न बढ़े और संभावित हादसों को टाला जा सके।
​उपायुक्त वर्षा खांगवाल ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि जनहित से जुड़े इन सभी मुद्दों पर प्रशासनिक स्तर पर तेजी से काम होगा और आमजन को जल्द राहत मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button