
कृष्ण गोपाल विद्यार्थी
झज्जर। संवाद भवन में भारतीय जनता पार्टी द्वारा ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ विषय पर प्रबुद्ध नागरिक सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बुद्धिजीवियों, वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक सुर में लोकतांत्रिक संस्थाओं के सम्मान, निष्पक्ष मतदाता सूची और सजग नागरिक भागीदारी पर जोर दिया।
मुख्य अतिथि एवं पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल ने कहा कि लोकतंत्र केवल मतदान के दिन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह संवैधानिक मर्यादाओं और संस्थाओं पर अटूट विश्वास की निरंतर प्रक्रिया है। उन्होंने चेताया कि भीड़तंत्र की प्रवृत्ति स्वस्थ लोकतंत्र के लिए सबसे बड़ी चुनौती है। प्रबुद्ध वर्ग की जिम्मेदारी है कि वह समाज को भ्रामक प्रचार और अफवाहों से बचाकर सही तथ्यों से जोड़े।
सम्मेलन की अध्यक्षता जिला परिषद चेयरमैन कप्तान सिंह बिरधाना ने की, जबकि जिलाध्यक्ष विकास वाल्मीकि ने युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं से जोड़ने और मतभेदों को संवाद के जरिए सुलझाने की बात कही।
वक्ताओं ने मतदाता सूची की शुचिता को निष्पक्ष चुनाव की रीढ़ बताते हुए नागरिकों से अपील की कि वे अपने क्षेत्रों में मतदाता सूची की जांच करें, ताकि पात्र व्यक्ति छूट न जाएं और अपात्र नाम हटाए जा सकें।
कार्यक्रम के जिला संयोजक दिनेश शेखावत ने सभी प्रबुद्ध नागरिकों और कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि ऐसे संवाद समाज में सकारात्मक चेतना जगाने के लिए निरंतर जारी रहेंगे। आयोजन में भाजपा जिला महामंत्री दयाकिशन जांगड़ा, रवि छिल्लर सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



