नूनामाजरा में शहीद स्मारक एवं वार ट्रॉफी T-55 टैंक का भव्य अनावरणविधायक राजेश जून ने फहराया राष्ट्रीय ध्वजलेफ्टिनेंट जनरल विनीत गौड़ ने किया T-55 टैंक का भव्य अनावरण

— विधायक राजेश जून ने स्टेडियम में विकास कार्यों के लिए विधायक कोटे से 21 लाख रुपए देने की घोषणा की
कृष्ण गोपाल विद्यार्थी
बहादुरगढ़। कर्नल अनिल जून के नेतृत्व में उड़ान सेवा समिति के स्वयंसेवकों,गांव नूना माजरा,लोवा खुर्द,देसलपुर की पंचायतों व क्षेत्र के ग्रामवासियों के सहयोग से निर्मित शहीदी पार्क में शनिवार को शहीद स्मारक एवं भारतीय सेना के वार ट्रॉफी T-55 टैंक का भव्य अनावरण समारोह आयोजित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट जनरल विनीत गौड़ के सानिध्य में हुए इस भव्य समारोह में बहादुरगढ़ के विधायक राजेश जून ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता का संदेश दिया। उन्होंने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट जनरल विनीत गौड़ PVSM, AVSM ने शहीद स्मारक एवं पुष्पमालाओं व तिरंगे झण्डे से सुसज्जित वार ट्रॉफी T-55 टैंक का अनावरण किया तथा स्मारक स्थल पर पुष्पचक्र अर्पित कर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर आयोजन समिति से जुड़े युवाओं एवं ग्रामवासियों ने मुख्य अतिथि को फूलों का गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया और स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में सैन्य अधिकारी सीआरपीएफ के एडीजी सुनील जून, ब्रिगेडियर राम नरेश भी विशेष रूप से मौजूद रहे।
सैनिकों का बलिदान राष्ट्र की सबसे बड़ी धरोहर : लेफ्टिनेंट जनरल विनीत गौड़
वीर शहीदों के परिवारों को सम्मानित करने के उपरांत अपने संबोधन में मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट जनरल विनीत गौड़ PVSM, AVSM ने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर सैनिकों की शहादत को राष्ट्र कभी नहीं भुला सकता। सैनिक कठिन परिस्थितियों, विषम मौसम और अनेक चुनौतियों के बीच दिन-रात देश की सीमाओं की सुरक्षा में तैनात रहते हैं, ताकि देशवासी सुरक्षित वातावरण में अपना जीवन व्यतीत कर सकें। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा, एकता और अखंडता को बनाए रखने में भारतीय सेना का योगदान अतुलनीय है। सैनिकों का साहस, अनुशासन, समर्पण और राष्ट्र के प्रति निष्ठा प्रत्येक नागरिक के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
उन्होंने शहीद परिवारों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि वीर जवानों के परिवारों का त्याग भी उतना ही वंदनीय है। एक सैनिक जब देश की रक्षा के लिए घर से निकलता है तो उसके परिवार के सदस्य भी उसके साथ इस जिम्मेदारी को निभाते हैं। ऐसे परिवारों का सम्मान करना पूरे समाज और राष्ट्र का कर्तव्य है। उन्होंने शहीद स्मारक एवं वार ट्रॉफी टैंक की स्थापना को सराहनीय पहल बताते हुए कहा कि यह स्मारक आने वाली पीढ़ियों को देशभक्ति, राष्ट्रसेवा और सैनिकों के सर्वोच्च बलिदान की याद दिलाता रहेगा।
शहीदों के बलिदान से सुरक्षित है देश का भविष्य : विधायक राजेश जून
विधायक राजेश जून ने सेना से जुड़ी अपनी पारिवारिक पृष्ठभूमि
का हवाला देते हुए वीर शहीदों को नमन किया और कहा कि देश के वीर जवानों का त्याग और बलिदान प्रत्येक भारतीय के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। शहीदों के कारण ही हम आज स्वतंत्रता और सम्मान के साथ जीवन जी रहे हैं। उन्होंने कहा कि शहीद स्मारक और वार ट्रॉफी टैंक केवल स्मृति चिह्न नहीं, बल्कि राष्ट्र के गौरव, भारतीय सेना के शौर्य और वीर सैनिकों के अदम्य साहस के प्रतीक हैं। इनसे युवा पीढ़ी को देश की सेवा और मातृभूमि के प्रति समर्पण की प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने स्टेडियम में विकास कार्यों के लिए विधायक कोटे से दिए 21 लाख रुपए देने की घोषणा भी की।
पूर्व विधायक नरेश कौशिक ने भी अपने संबोधन में वीर शहीदों को नमन करते हुए कहा कि वीर शहीदों की बदौलत ही आज हम देश के अंदर खुली हवा में सांस ले रहे हैं और देश सदा वीर शहीदों का ऋणी रहेगा। सभी वक्ताओं ने भव्य और यादगार समारोह के आयोजन के लिए कर्नल अनिल जून और उनके सहयोगियों की मुक्तकण्ठ से प्रशंसा की।
शहीद परिवारों को किया सम्मानित
समारोह के दौरान मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट जनरल विनीत गौड़ PVSM, AVSM ने तीनो गांवों के अमर शहीदों के परिजनों को शॉल एवं सम्मान पत्र भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने शहीदों की वीरता और उनके परिवारों के त्याग को नमन किया। कार्यक्रम के दौरान एनसीसी कैडेटस का पथ संचलन व विभिन्न स्कूलों की टीमों के सौजन्य से देशभक्ति गीतों व सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को बार बार तालियां बजाने पर मजबूर किया। विजया सीनियर सेकेंडरी स्कूल,स्कालर ग्लोबल स्कूल,दिल्ली पब्लिक स्कूल,महाराजा सूरजमल स्कूल सहित गाँव के पीएम श्री कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं ने देशभक्ति पूर्ण गीत-संगीत, लोकनृत्य व ओजपूर्ण नाटिका प्रस्तुत कर शहीदों को भावपुष्प अर्पित किए।
इस अवसर पर नूनामाजरा के पूर्व सरपंच व कवि-कलाकार विरेंद्र कौशिक ने भी शहीदों को समर्पित अपने काव्यपाठ से सभी को भावविभोर कर दिया। लगभग तीन घंटे चले इस कार्यक्रम का मंच संचालन श्री भृगु कुमार ने किया।
समारोह में सैंकड़ों ग्रामवासियों के अलावा नूनामाजरा,लोवा खुर्द और देसलपुर के वर्तमान सरपंच जयभगवान शर्मा, विनोद जून व नवीन जून सहित पूर्व सरपंच राजकुमार व नौगामा प्रधान मनजीत जून भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विभिन्न राजनीतिक दलों व सार्थक सेवा समिति,शहीद यादगार कमेटी, विद्यादान महादान,कलमवीर विचार मंच सहित क्षेत्र की विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों सहित अनेक पूर्व सैनिकों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
शहीदों की स्मृति में बनाया गया शहीद स्मारक
गांव नूना माजरा में निर्मित शहीद स्मारक देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले नौ वीर शहीदों की स्मृति को समर्पित है। इनमें लांस दफादार सरदारा सिंह, सिपाही मुंशीराम, मेजर रिसाल सिंह जून, सिपाही रघबीर सिंह, नायब सूबेदार उमेद सिंह, सिपाही राज सिंह, हवलदार जयप्रकाश जून, सिपाही राजेश कुमार और ग्रेनेडियर क्लर्क राकेश कुमार शामिल हैं। इन वीर जवानों ने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनकी शहादत को सदैव याद रखने और आने वाली पीढ़ियों को उनके अदम्य साहस एवं देशभक्ति से परिचित कराने के उद्देश्य से इस स्मारक का निर्माण किया गया है। यह स्मारक क्षेत्रवासियों के लिए गौरव, सम्मान और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक बना रहेगा।



