ज्वलंत मुद्देबहादुरगढ़मुद्दे

भूत बिरादरी की महापंचायत और स्मार्टफोन का संकट

कृष्ण गोपाल विद्यार्थी

​कभी वह भी सुनहरा दौर था, जब आधी रात को घड़ी की सुइयां बारह बजाती थीं, उल्लू हू-हू करते थे और पेड़ों की शाखाएं खिड़कियों पर सरसराती थीं। तब एक अदना सा भूत भी अगर सफेद चादर ओढ़कर किसी के कमरे में “हूँऽऽऽ” कर देता, तो सामने वाले की चीख से पूरा मोहल्ला जाग जाता था। वह खौफ की स्वर्णिम सदी थी। पर आज भूत समाज अपने अस्तित्व के सबसे बड़े संकट—यानी स्मार्टफोन और अनलिमिटेड डेटा—से जूझ रहा है।
​कल ही परलोक में भूतों की एक आपातकालीन बैठक बुलाई गई। विषय था: “इंसान सोता क्यों नहीं और हम डराएं कैसे?”
​एक तपे-तपाए, अनुभवी भूत ने सिर पकड़ते हुए अपनी व्यथा सुनाई, “भाईयों, कल रात पूरे तीन बजे मैं एक लड़के के कमरे में दाखिल हुआ। सोचा था कि जब वह गहरी नींद में होगा, तो अलमारी का दरवाजा खटखटाकर लाल आंखें दिखाऊंगा। लेकिन वहां का नजारा देखकर मेरी ही रूह कांप गई! लड़का कंबल के भीतर मुंह घुसाए फोन की नीली रोशनी में रीलें स्क्रॉल कर रहा था। उसके चेहरे पर जो डरावने डार्क सर्कल और पीलापन था, उसे देखकर मुझे लगा कि मुझसे सीनियर कोई प्रेत पहले से ही उसकी देह पर कब्जा जमाए बैठा है!”
​एक अन्य युवा भूत ने सिसकते हुए कहा, “मेरे साथ तो और बुरा हुआ। मैंने खिड़की से ठंडी हवा फेंकी, परदे हिलाए, यहां तक कि अजीबोगरीब आवाजें भी निकालीं। उसने बिना आंख उठाए फोन का वॉल्यूम तेज कर दिया और बोला—’मम्मी, पंखा धीमा कर दो और दरवाजा बंद कर लो।’ हद तो तब हो गई जब मैंने अचानक उसके फोन की स्क्रीन के सामने अपना डरावना मुंह चमकाया। वह डरा नहीं, बल्कि मुस्कुरा कर बोला—’वाह यार, क्या तगड़ा इंस्टाग्राम फिल्टर है!’ और उसने मेरी तस्वीर खींचकर स्टोरी पर डाल दी । हमारी सदियों पुरानी दहशत की ऐसी बेइज्जती!”
​पुरानी चुड़ैल ने भी अपना दर्द बयां किया, “हमारे उलटे पैर देखकर कभी लोग बेहोश हो जाते थे। आजकल तो आधी रात को लोग ऑनलाइन शॉपिंग में जूते-चप्पल ढूंढ रहे होते हैं। कोई उल्टे पैर नोटिस ही नहीं करता, उल्टे कह देते हैं—’ऑनलाइन डिलीवरी इतनी लेट क्यों आ रही है?'”
​महापंचायत के अंत में भूतों के मुखिया ने भारी मन से एक नया प्रस्ताव पारित किया:
“अगर इस डिजिटल युग में अपनी रोजी-रोटी और डर का धंधा बचाना है, तो पारंपरिक तौर-तरीके छोड़ने होंगे। अब खौफ पैदा करने के लिए खिड़कियां खटखटाने या छत पर चलने की जरूरत नहीं है। बस आधी रात को इनके फोन का ‘वाई-फाई बंद’ कर दो, डेटा पैक खत्म होने का फर्जी मैसेज भेज दो, या बैटरी को अचानक 1% पर लाकर छोड़ दो। यकीन मानिए, जिस खौफ और तड़प की तलाश हमें सदियों से थी, वह इंसानों के चेहरों पर उसी पल साफ नजर आ जाएगी!”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button