
कृष्ण गोपाल विद्यार्थी
रोहतक। गत दिनों रोहतक में प्रदेश स्तरीय किसान मजदूर छात्र युवा महिला महापंचायत में लिए गए फैसले के अनुसार संयुक्त किसान मोर्चा के घटक संगठन ऑल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सत्यवान के नेतृत्व में किसान मजदूर छात्र युवा एवं महिलाओं के जीवन की ज्वलंत समस्याओं के समाधान बारे उपायुक्त की मार्फत मुख्यमंत्री हरियाणा सरकार को आज एक ज्ञापन प्रेषित किया गया। इसमें मुख्य रूप से एसआईआर रद्द करने, वोटर लिस्ट से काटे गए नामों को पुनः जोड़ने, भारत-अमेरिका व्यापार समझौता पर विराम लगाने, बाजरा-धान का एक एक दाना खरीदने, सभी फसलों के लागत से डेढ़ गुना एमएसपी देने, चार लेबर कोड वापिस करने, न्यूनतम वेतन 42,000 रुपये देने, मिड-डे-मील, आशा कार्यकर्ता एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सहायिका को कर्मचारी का दर्जा देने, बुढ़ापा पेंशन 10,000 रुपए लागू करने, जी-का-जंजाल बन चुकी परिवार पहचान पत्र स्कीम रद्द करने, हरियाणा रोडवेज की तरह प्राइवेट बसों में वरिष्ठ नागरिकों का आधा किराया एवं छात्रों को निशुल्क बस पास सुविधा लागू करने, एचकेआरएन स्कीम एवं अग्निवीर भर्ती योजना को वापिस लेने, इन योजनाओं में सेवारत कर्मियों को पक्का करने, जनविरोधी राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 वापिस लेने, सभी कार्यस्थलों, खासकर सीवर, निर्माण एवं ऑर्डिनेंस में कार्यरत श्रमिकों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने, महिलाओं पर जुल्म बंद हों, हर स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं की समुचित व्यवस्था करने, स्वास्थ्य विभाग का निजीकरण ना करने, शिक्षा, स्वास्थ्य का बजट बढ़ाने समेत मांगों को ज्ञापन में उठाया गया।
प्रतिनिधिमंडल में मुख्यतौर पर ऑल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन के राज्य प्रधान अनूप सिंह मातनहेल, सचिव जयकरण मांडोठी, श्रमिक संगठन एआईयूटीयूसी के राज्य प्रधान कॉमरेड राजेंद्र सिंह एडवोकेट, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सहायिका यूनियन की राज्य सचिव पुष्पा दलाल, एआईडीवाईओ के नेता हरीश एवं छात्र संगठन एआईडीएसओ के नेता उमेश मौर्य इत्यादि थे।
प्रतिनिधिमंडल ने बरसी नगर रोहतक में घरों के साथ गुजरती बिजली लाइन जैसे एक के बाद एक हो रहे हादसों पर गंभीर चिंता जताई और मांग की कि घरों से तुरंत बिजली लाइन हटाई जाएं। बिजली करंट से घायल एवं मृतकों को उचित मुआवजा दिया जाए।



