उत्तर प्रदेशजनपददिल्ली एनसीआरधर्म-धरोहर

गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने के लिए दादरी में घर-घर चलाया जा रहा हस्ताक्षर अभियान

गौ सम्मान आवाहन अभियान में रामायण मंडल एवं विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता निभा रहे अहम भूमिका, दीपावली पूजन के लिए माता लक्ष्मी के कैलेंडर भी किए वितरित

दादरी। गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने तथा सड़कों पर बेसहारा घूम रही गौवंश की दुर्दशा को समाप्त करने के उद्देश्य से देशभर में संतों के मार्गदर्शन में ‘गौ सम्मान आवाहन अभियान’ चलाया जा रहा है। इस अभियान में देश के सनातनी परिवारों के साथ-साथ मुस्लिम समाज के लोग भी अपना सहयोग प्रदान कर रहे हैं। अभियान का मुख्य उद्देश्य गौ माता को सम्मान दिलाना, उन्हें उचित संरक्षण उपलब्ध कराना तथा सड़कों पर बेसहारा घूमने की समस्या से मुक्ति दिलाना है।

इसी क्रम में जिला गौतम बुद्ध नगर के दादरी शहर में गौसेवकों द्वारा घर-घर जाकर हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान में रामायण मंडल एवं विश्व हिंदू परिषद के सभी कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारियों का बखूबी निर्वहन कर रहे हैं। कार्यकर्ता पूरी सक्रियता के साथ जनसंपर्क कर लोगों को अभियान के उद्देश्यों से अवगत करा रहे हैं तथा अधिक से अधिक लोगों से इसमें सहभागिता निभाने की अपील कर रहे हैं।

इसके साथ ही दीपावली पर्व को ध्यान में रखते हुए गौसेवकों द्वारा माता लक्ष्मी जी के विशेष कैलेंडर भी तैयार कराए गए हैं। इन कैलेंडरों को घर-घर पहुंचाने के साथ-साथ बाजारों में वितरित किया जा रहा है। इसके अलावा विभिन्न समाचार पत्रों के माध्यम से भी कैलेंडर जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक परिवार दीपावली पूजन में इनका उपयोग कर सकें।

अभियान से जुड़े कार्यकर्ताओं का कहना है कि गौ माता का संरक्षण केवल किसी एक समाज या वर्ग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सभी के सामूहिक प्रयास से ही संभव है। गौ माता को सम्मान और उचित संरक्षण दिलाने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को आगे आना चाहिए। इसी संकल्प के साथ दादरी में रामायण मंडल एवं विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में जुटे हुए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button