बहादुरगढ़हरियाणा

दीपावली पर अंतःकरण की शुद्धि और नारी सम्मान का दीप जलाएं : गोस्वामी द्वारकेश

​दीपावली के आध्यात्मिक महात्म्य और शास्त्रोक्त महालक्ष्मी पूजन विधान पर हुआ विशेष प्रवचन
​
​बहादुरगढ़। दीपावली केवल दीप प्रज्वलन अथवा भौतिक धन-वैभव की अभिलाषा का पर्व नहीं, अपितु आत्मचेतना के परिष्कार, सद्बुद्धि के जागरण, पारिवारिक सौहार्द एवं आध्यात्मिक समृद्धि का महापर्व है। इसका वास्तविक संदेश बाह्य अंधकार के साथ-साथ अंतःकरण में विद्यमान अज्ञान, अविवेक एवं विकारों का शमन करना है। यह उद्गार वेद-वेदांगविद् एवं नवम पीठाधीश्वर सेवक पंडित द्वारकेश गोस्वामी जी महाराज ने रविवार को व्यक्त किए।
​दीपावली के पावन पर्व पर गोस्वामी व्यास पीठ के सान्निध्य में आयोजित ‘दिव्य प्रभात वाणी’ प्रवचनमाला में महाराज श्री ने कार्तिक माहात्म्य के अंतर्गत भगवती महालक्ष्मी के प्राकट्य, अष्टलक्ष्मी के दिव्य स्वरूप एवं शास्त्रसम्मत पूजन विधान पर विस्तृत प्रकाश डाला। कार्यक्रम का शुभारंभ श्रीनाथ जी के चरणों में वंदन, ब्रह्मलीन सद्गुरुदेव पंडित श्री गंगाधर जी गोस्वामी (शास्त्री जी) के स्मरण एवं वैदिक मंगलाचरण के साथ हुआ।
​सदाचार और विवेक के बिना लक्ष्मी का वास संभव नहीं
महाराज श्री ने बताया कि कार्तिक कृष्ण अमावस्या समुद्र मंथन से भगवती महालक्ष्मी के प्राकट्य की पुण्यस्मृति से संबद्ध है। महालक्ष्मी केवल धन की ही नहीं, बल्कि श्री, सौभाग्य, धान्य, संतति, सामर्थ्य, विजय और विद्या सहित समग्र जीवन-कल्याण की अधिष्ठात्री हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि वास्तविक लक्ष्मी वहीं वास करती हैं, जहां धर्माचरण, सदाचार, परिश्रम, विवेक एवं परोपकार का समन्वय हो। उन्होंने प्रदोषकाल और महानिशीथ काल में मंत्र-जप, भगवती आराधना एवं दीपदान को पूर्ण शुचिता से संपन्न करने का आह्वान किया।
​षोडशोपचार पूजन और मंत्रोच्चार की मर्यादा
देवोपासना की शास्त्रीय मर्यादा समझाते हुए उन्होंने कहा कि पूजा की सार्थकता बाह्य आडंबर में नहीं, बल्कि अंतःकरण की शुद्धि, मंत्रनिष्ठा और श्रद्धा में है। उन्होंने आसन शुद्धि, आचमन, विघ्नविनायक श्रीगणेश, भगवती अम्बिका एवं कुबेर अर्चन के उपरांत महालक्ष्मी के पंचामृत अभिषेक तथा षोडशोपचार पूजन की शास्त्रीय विधि बताई। उन्होंने कहा कि जो संस्कृत मंत्रों में असमर्थ हों, वे श्रद्धापूर्वक ‘ॐ श्रीं नमः’ अथवा ‘ॐ ह्रीं श्रीं कमले कमलालये प्रसीद प्रसीद महालक्ष्म्यै नमः’ मंत्र से अर्चन कर सकते हैं।
​गृहलक्ष्मी का सम्मान ही घर की वास्तविक मंगलश्री
गोस्वामी जी ने गृहस्थ धर्म में नारी के सम्मान को लक्ष्मी आराधना का अभिन्न अंग बताते हुए कहा कि जिस घर में नारी का आदर होता है, वहीं देवत्व फलता-फूलता है। परिवार की गृहलक्ष्मी की प्रसन्नता और गरिमा ही घर की वास्तविक मंगलश्री है। उन्होंने घृत व तैल दीपों के पारंपरिक विन्यास तथा कमल व सुगंधित पुष्पों के पुष्पार्चन की महत्ता भी प्रतिपादित की।
​प्रवचन के समापन पर गोस्वामी द्वारकेश जी महाराज ने ‘जनता जनार्दन मेरा परिवार’ की भावना व्यक्त करते हुए समस्त श्रद्धालुओं को दीपावली की शुभकामनाएं दीं और लोकमंगल व विश्व कल्याण की प्रार्थना की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button