
हमारे देश में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, लेकिन सबसे अद्भुत प्रतिभा हमारे ‘सरकारी गुरुजी’ में पाई जाती है। लोग कहते हैं कि एक समय में दो नावों पर पैर रखने वाला डूब जाता है, लेकिन हमारे ये ‘सर जी’ एक साथ दो पतवार संभालते हैं और वो भी बिना एक भी बूंद पानी अपने कुर्ते पर पड़े!
उनकी एक टाँग ‘सरकारी मास्टर साहब’ के पद पर टिकी होती है, जहाँ से हर महीने की 1 तारीख को बिना किसी रुकावट के मोटी तनख्वाह का एसएमएस उनके फोन पर बजता है। दूसरी टाँग उनके अपने ‘ब्रांडेड’ प्राइवेट स्कूल की संगमरमरी ज़मीन पर होती है, जहाँ वे ‘चेयरमैन साहब’ बनकर सफेद पोशाक में अपनी दिव्य मौजूदगी दर्ज कराते हैं।
सरकारी स्कूल उनके लिए उस ‘अन्नक्षेत्र’ की तरह है, जहाँ वे दिन भर की थकान मिटाने आते हैं। सुबह 10 बजे आकर हाजिरी रजिस्टर पर अपने हस्ताक्षर रूपी आशीर्वाद की वर्षा करते हैं। फिर कुर्सी को थोड़ा धूप की ओर खिसकाकर, अखबार खोलते हैं और चाय की चुस्कियों के साथ देश के गिरते शिक्षा स्तर पर गहरा दुख व्यक्त करते हैं। दोपहर तक अगर बहुत ज्यादा देश सेवा का कीड़ा काटे, तो बच्चों को ‘इमले’ का काम देकर वे खुद फोन पर अपने प्राइवेट स्कूल के एडमिशन और बस चालकों की व्यवस्था संभालने में व्यस्त हो जाते हैं।
आखिरकार, प्राइवेट स्कूल उनका अपना “स्वदेशी उत्पाद” है। उसकी चमक-धमक बनाए रखना, वहाँ का रिजल्ट 100% लाना और अंग्रेजी मीडियम का भौकाल चमकाना उनकी नैतिक और आर्थिक जिम्मेदारी जो है!
वहाँ सरकारी स्कूल में बेचारे ग़रीबों के बच्चे दिनभर पंखे की उम्मीद में कॉपियाँ हिलाते रहते हैं कि ‘मास्टर साहब’ अब पढ़ाएंगे, तब पढ़ाएंगे। पर मास्टर साहब का दिल तो अपनी उस ‘प्राइवेट बिल्डिंग’ में अटका रहता है, जहाँ की हर एक ईंट पर उनके पसीने की गंध नहीं, बल्कि सरकारी वेतन की खाद लगी है।
अक्सर जब उनसे पूछो कि “सर, आप सरकारी स्कूल में पूरा समय क्यों नहीं देते?”
तो वे मुस्कुराकर, भारतीय दर्शन की आड़ लेते हुए कहते हैं— “अरे भाई! हम तो प्रकाश फैलाने वाले दीपक हैं। सरकारी में बुझ भी गए तो क्या, अपने प्राइवेट वाले में तो उजाला फैला ही रहे हैं ना! शिक्षा तो शिक्षा है, चाहे यहाँ बंटे या वहाँ।”
धन्य हैं ऐसे ‘डबल रोल’ वाले राष्ट्रनिर्माता! जो खुद सरकारी स्कूल से रोटी कमाते हैं, पर अपने बच्चों को और दूसरों के बच्चों को भी प्राइवेट स्कूल का ‘ज्ञान’ बेचते हैं। वास्तव में, यह एक ऐसी अनोखी व्यवस्था है जहाँ सरकारी स्कूल केवल ‘वेटिंग रूम’ है और असली ‘फ्लाइट’ उनके अपने प्राइवेट स्कूल से उड़ान भरती है!



