
संगठनात्मक विषयों पर हुई विस्तृत चर्चा
नई दिल्ली(कलमवीर) भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यालय में भाजपा नेता दिनेश सिंह शेखावत के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री संजय भाटिया से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण, आगामी कार्ययोजनाओं और क्षेत्र के समसामयिक मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
मुलाकात के दौरान दिनेश सिंह शेखावत एवं वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय महामंत्री संजय भाटिया को पुष्पगुच्छ, पारंपरिक शॉल और मिठाई भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत व अभिनंदन किया। संजय भाटिया ने कार्यकर्ताओं के इस स्नेह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सभी की कुशलक्षेम पूछी। इस अवसर पर प्रमुख रूप से मनोहर सिंह घोड़ीवारा सहित कई वरिष्ठ सहयोगी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक में क्षेत्र के विकास, संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने तथा जमीनी स्तर पर पार्टी की नीतियों के प्रचार-प्रसार को लेकर सार्थक चर्चा हुई।
कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए राष्ट्रीय महामंत्री संजय भाटिया ने कहा कि पार्टी की वास्तविक शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे सेवा भाव के साथ जनता के बीच सक्रिय रहें और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुँचाना सुनिश्चित करें।
दिनेश सिंह शेखावत ने राष्ट्रीय नेतृत्व को आश्वस्त किया कि सभी कार्यकर्ता पूरी निष्ठा, एकजुटता और समर्पण के साथ संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे।



