जारचा क्षेत्र के छायसा गांव में लाठी-डंडों से मारपीट, पिता-पुत्र घायल

ग्रेटर नोएडा, 11 नवंबर 2026 |
ग्रेटर नोएडा के जारचा कोतवाली क्षेत्र के छायसा गांव में खेत की मेड़ पर मिट्टी डालने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि कुछ लोगों ने पिता-पुत्र के साथ गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से मारपीट की और फावड़े से जानलेवा हमला कर दिया। घटना में पिता और पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, छायसा निवासी कपिल ने शिकायत में बताया कि 9 नवंबर को वह अपने पिता दयानंद और भाइयों शिवम व मोनू के साथ खेत पर बैलगाड़ी से मेड़ के किनारे मिट्टी डाल रहा था।
इसी दौरान पड़ोसी खेत के मालिक प्रमोद अपने भाई मनोज और भतीजे अंकुर सहित अन्य लोगों के साथ वहां पहुंच गया। आरोप है कि आते ही सभी ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।
कपिल के अनुसार, विरोध करने पर आरोपियों ने उसके परिवार के लोगों के साथ लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान प्रमोद ने फावड़ा उठाकर उसके पिता दयानंद पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में उसके पिता और भाई घायल हो गए।
जान से मारने की धमकी देकर फरार
आरोप है कि वारदात के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने कोतवाली पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ लिखित शिकायत दी।
पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और घटना की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।



