
रविवार को जरूरतमंदों के लिए जुटेंगे गर्म कपड़े और आवश्यक वस्तुएं
बहादुरगढ़ : सर्दियों के आगमन के साथ ही असहाय और जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए शहर की सामाजिक संस्थाएं एक बार फिर आगे आई हैं। ब्रह्म सेवा समिति और जन जागरण समिति के संयुक्त तत्वावधान में इस सीजन का विशेष सेवा अभियान ‘नेकी की दीवार’ रविवार, 15 नवंबर को आयोजित किया जा रहा है।
यह कार्यक्रम सुबह 9:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक मेन झज्जर रोड स्थित तिरंगा चौक (बेरी मोड़, अशोक स्तंभ सर्कल, देवनगर गली नंबर 5 के सामने) पर लगाया जाएगा।
आयोजक समितियों ने शहरवासियों से इस पुण्य कार्य में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है। नागरिक अपने घरों में रखे ऐसे वस्त्र, गर्म कपड़े, कंबल, चादरें, जूते, बैग और खिलौने—जो अब उनके उपयोग में नहीं आ रहे हैं, लेकिन अच्छी स्थिति में हैं—उन्हें यहां दान कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त, इच्छुक लोग अपनी स्वेच्छा से नई सामग्री भी भेंट कर सकते हैं।
समितियों के पदाधिकारियों ने आमजन से यह भी आग्रह किया है कि वे अपने आसपास रहने वाले गरीब मजदूरों, घरेलू सहायिकाओं , रेहड़ी-पटरी वालों और अन्य जरूरतमंद परिवारों को इस आयोजन की जानकारी अवश्य दें, ताकि अधिक से अधिक लोग समय पर पहुंचकर अपनी आवश्यकता का सामान प्राप्त कर सकें।



