जनपदबहादुरगढ़हरियाणा

भक्तिमय हुआ शक्ति नगर

संत शिरोमणि गरीबदास महाराज की अमृतमयी वाणी का अखंड पाठ आरंभ

​बहादुरगढ़ | शहर की शक्ति नगर कॉलोनी इन दिनों आध्यात्मिक आभा और सत्संग की मधुर स्वरलहरियों से सराबोर है। अवसर है संत शिरोमणि श्री गरीबदास जी महाराज की अमृतमयी वाणी के वार्षिक अखंड पाठ का। भक्त अजीत सिंह धनखड़ के निवास स्थान पर आयोजित इस पावन अनुष्ठान का शुभारंभ विधिवत मंगलाचरण और वंदना के साथ हुआ, जिससे समूचा वातावरण सतगुरु की महिमा और भक्ति के रंग में रंग गया।

​संतों की वाणी दिखाती है जीवन जीने की कला: महंत स्वामी कमल सागर
कार्यक्रम में विशेष रूप से पधारे टांकड़ी धाम के महंत स्वामी कमल सागर ने दरबार साहिब में मत्था टेककर सतगुरु के चरणों में शीश नवाया। संगत को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि संतों की वाणी केवल शब्द नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला है। यह मनुष्य को सत्य, सदाचार, प्रेम और निस्वार्थ सेवा के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करती है।
​सतनाम के सुमिरन से कटते हैं चौरासी के बंधन
वाणी पाठ के प्रकाश अवसर पर भक्त जयश्री ने गरीबदास जी महाराज के गूढ़ आध्यात्मिक विचारों को सरल शब्दों में संगत के समक्ष रखा। उन्होंने संत वाणी का उदाहरण देते हुए कहा— “गरीब, नौका नाम चढ़ाय कर, पार किया परवान। ऐसा सतगुरु हम मिला, चौरासी की हान।।” उन्होंने समझाया कि सतगुरु की कृपा और सतनाम का सुमिरन ही वह नौका है, जो जीव को भवसागर और चौरासी लाख योनियों के चक्र से मुक्ति दिला सकती है। पूर्ण विश्वास के साथ नाम जपने से मन के विकार नष्ट होते हैं और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।

​निष्ठा के साथ चल रहा अखंड पाठ:आयोजक भक्त अजीत सिंह धनखड़ ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस बार भी श्रद्धालुओं में भारी उत्साह है और सभी के सहयोग से अनुष्ठान पूरी विधि-विधान से संपन्न हो रहा है। अखंड पाठ को पाठी हंसराज, वेदप्रकाश मालिकराम, जसवंत और सतनाम पूरी तल्लीनता व भक्तिभाव के साथ निरंतर आगे बढ़ा रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button