करवा चौथ पर गोस्वामी द्वारकेश जी महाराज ने समझाया व्रत का आध्यात्मिक व पौराणिक महत्व, सायंकाल होगा सामूहिक पूजन

बहादुरगढ़,कार्तिक कृष्ण पक्ष की चतुर्थी के पावन अवसर पर वेद-वेदांगविद् गोस्वामी द्वारकेश जी महाराज ने ब्रह्ममुहूर्त प्रवचन में करवा चौथ व्रत की आध्यात्मिक महिमा और पौराणिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह पर्व केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि दाम्पत्य निष्ठा, त्याग, संयम, अखंड सौभाग्य और पारिवारिक मंगल का शाश्वत प्रतीक है।
महाराज श्री ने देवासुर संग्राम, सावित्री-सत्यवान, माता पार्वती की तपस्या और वीरावती के पौराणिक आख्यानों का उल्लेख करते हुए बताया कि दृढ़ संकल्प, श्रद्धा और धैर्य से संकट भी टल जाते हैं। उन्होंने सूर्योदय से पूर्व ली जाने वाली सरगी को सास के स्नेह और आशीर्वाद का प्रतीक बताया तथा पंचतत्त्वों के प्रतीक करवे और शीतलता के कारक चन्द्रमा की पूजा का शास्त्रीय विधान समझाया।
पंचांग एवं पूजन जानकारी:
तिथि व नक्षत्र: चतुर्थी तिथि रात्रि 10:09 बजे तक तथा रोहिणी नक्षत्र प्रातः 11:11 बजे तक रहेगा।
चन्द्रोदय: अनुमानित समय रात्रि 8:14 से 8:17 बजे के मध्य
सामूहिक आयोजन: सायंकाल महाराज श्री के निवास स्थान पर शास्त्रोक्त विधि से सामूहिक पूजन, थाली फेरने की लोकपरंपरा, पारंपरिक मंगलगीतों का गायन एवं व्रत-कथा का अनुष्ठान संपन्न होगा। चन्द्रदर्शन व अर्घ्य के बाद व्रत का पारण किया जाएगा।



