दिल्ली एनसीआरदेश-दुनिया

भ्रम का अमृतकाल और आंकड़ों की नूराकुश्ती

कृष्ण गोपाल विद्यार्थी

​लोकतंत्र की सबसे खूबसूरत बात यह है कि इसमें जनता सर्वोपरि होती है, और सबसे दुखद बात यह कि उसी जनता को कभी समझ नहीं आता कि वह किस बात पर खुश हो और किस पर माथा पीट ले। इन दिनों भारतीय नागरिक सुबह की चाय की चुस्की के साथ अखबार खोलते ही एक गहरे दार्शनिक संकट में घिर जाता है। सवाल यह नहीं है कि देश में क्या चल रहा है; यक्ष प्रश्न यह है कि जो चल रहा है, वह ऐतिहासिक उपलब्धि है या अभूतपूर्व विनाश?
​पक्ष का दावा है कि देश इतनी तेजी से आगे बढ़ रहा है कि अगर रफ्तार थोड़ी और बढ़ी, तो हम सीधे भविष्य से आगे निकल जाएंगे। उनकी मानें तो सड़कें इतनी चिकनी हो चुकी हैं कि मक्खी फिसल जाए, अर्थव्यवस्था इतनी मजबूत है कि वैश्विक महाशक्तियां रोज सुबह फोन करके सलाह मांग रही हैं, और हर घर में खुशहाली का ऐसा सैलाब आ चुका है कि लोग अब बस मुस्कुराते-मुस्कुराते थक रहे हैं।
​तभी दूसरे कोने से विपक्ष का आरोप पत्र जारी होता है। उनके अनुसार, देश रसातल की ऐसी गहराई में गिर चुका है जहां से रोशनी की आखिरी किरण भी गायब हो चुकी है। उनकी प्रेस कॉन्फ्रेंस सुनते ही लगता है कि बाहर कदम रखते ही लोकतंत्र का अंतिम संस्कार होता दिखेगा, जेब में रखे पैसे कागज के टुकड़े बन चुके हैं, और कल सुबह सूरज का उगना भी किसी सरकारी साजिश का हिस्सा हो सकता है।
​अब इस नूराकुश्ती के ठीक बीच में खड़ा है—आम भारतीय। एक हाथ में बिजली का बढ़ा हुआ बिल और दूसरे हाथ में ‘विश्वगुरु’ बनने की खुशखबरी लिए वह समझ ही नहीं पा रहा कि वह विकास के रथ पर सवार है या बर्बादी के कगार पर।
​जब पक्ष रोजगार के करोड़ों नए अवसरों का डेटा दिखाता है, तो बेरोजगार युवा अपनी डिग्री को धूप में सुखाते हुए सोचता है कि शायद ये नौकरियां अदृश्य लोक में निकली हैं, जहां सिर्फ सकारात्मक सोच वाले ही आवेदन कर सकते हैं। उधर विपक्ष जब चिल्लाता है कि भूखमरी और कंगाली ने सबको लील लिया है, तब शाम को मॉल की फूड कोर्ट में मोमोज के लिए लगी लंबी कतार देखकर नागरिक फिर कन्फ्यूज हो जाता है कि यह भुखमरी का कौन सा अंतरराष्ट्रीय स्तर है!
​एक पक्ष के लिए हर सवाल ‘देशद्रोह’ है, तो दूसरे के लिए हर नीति ‘महाघोटाला’। दोनों के पास अपने-अपने चार्ट, ग्राफ और प्रवक्ता हैं, जो टीवी स्टूडियो में इतनी शिद्दत से चिल्लाते हैं कि ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को आपातकालीन बैठक बुलानी पड़ जाए।
​इस पूरे तमाशे का सबसे बड़ा हासिल यह है कि आम आदमी ने अब सच और झूठ में अंतर करना छोड़ दिया है। उसने मान लिया है कि सच दरअसल पक्ष के ‘अति-उत्साह’ और विपक्ष के ‘अति-विलाप’ के बीच कहीं फंसा हुआ वह ट्रैफिक जाम है, जिसे न सरकार क्लियर करा पा रही है और न विपक्ष पास होने दे रहा है।
​कुल मिलाकर, स्थिति यह है कि देश भले ही आगे बढ़े या पीछे, आम नागरिक भ्रम के ऐसे उच्च स्तर को प्राप्त कर चुका है जहां से अब सिर्फ ताली या थाली बजाना ही एकमात्र मानसिक सुरक्षा उपाय नजर आता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button