
बहादुरगढ़ : पंचायत समिति बहादुरगढ़ में विकास कार्यों से जुड़ा कथित रिकॉर्ड गायब होने के मामले को लेकर जसवीर सैनी ने कड़ा रुख अपनाते हुए प्रदेश की नायब सिंह सैनी सरकार से उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। इस संबंध में जारी अपने बयान में जसवीर सैनी ने आरोप लगाया कि जनवरी 2023 से 31 अगस्त 2026 तक हुए विकास कार्यों और उन पर खर्च की गई सरकारी राशि का पूरा रिकॉर्ड उपलब्ध न होना भ्रष्टाचार की ओर इशारा करता है।
जसवीर सैनी के अनुसार, सूचना के अधिकार के तहत मांगे गए दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए गए हैं और लेखाकार द्वारा रिकॉर्ड पास न होने की बात स्वीकार की गई है। उन्होंने समिति सदस्य योगेश, वर्षा गौतम, ज्योति, दयानंद, देवबीर, रेणु देवी, रजत, अजीत सिंह और रेणुबाला द्वारा उठाए गए सवालों का समर्थन करते हुए कहा कि यह बहादुरगढ़ की जनता के हितों से जुड़ा मुद्दा है।
उन्होंने मांग की कि वर्ष 2023 से 2026 के बीच हुए सभी ऑडिट की रिपोर्ट, सत्यापन, भुगतान वाउचर और विकास कार्यों की मौके पर भौतिक जांच करवाई जाए। उनके मुताबिक, यदि रिकॉर्ड गायब हुआ है तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय कर नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए।
इस पूरे प्रकरण पर विरोधियों द्वारा शिकायत को राजनीति से प्रेरित बताए जाने के आरोपों को खारिज करते हुए जसवीर सैनी ने कहा कि सरकारी धन का हिसाब मांगना जनता का अधिकार है। वहीं, बीडीपीओ द्वारा मामले की जांच अतिरिक्त उपायुक्त के पास होने की जानकारी दिए जाने पर उन्होंने कहा कि जांच निष्पक्ष, तेज और पारदर्शी तरीके से होनी चाहिए, ताकि यदि कोई अनियमितता हुई है तो दोषियों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।



