बहादुरगढ़हरियाणा

​बहादुरगढ़ में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर , 110 मरीजों ने लिया विशेषज्ञ डॉक्टरों से परामर्श

​मैक्स हॉस्पिटल, द्वारका के सहयोग से लायंस क्लब बहादुरगढ़ टाउन, सहयोग सेवा समिति व रॉबिन हुड आर्मी की संयुक्त पहल

​निःशुल्क दवाइयों के साथ-साथ महंगे टेस्ट भी किए गए मुफ्त

​बहादुरगढ़ : आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया करवाने और समय रहते गंभीर बीमारियों की पहचान करने के उद्देश्य से रविवार को सेक्टर-6 स्थित सीनियर सिटिजन क्लब में एक विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। लायंस क्लब बहादुरगढ़ टाउन, सहयोग सेवा समिति और रॉबिन हुड आर्मी के संयुक्त तत्वावधान में तथा मैक्स हॉस्पिटल, द्वारका के विशेष सहयोग से लगे इस शिविर में कुल 110 मरीजों ने पहुंचकर स्वास्थ्य लाभ उठाया।
​इन रोगों के विशेषज्ञों ने दीं सेवाएं


शिविर में मैक्स हॉस्पिटल, द्वारका से अनुभवी डॉक्टरों की विशेष टीम पहुंची। इसमें यूरोलॉजी, कैंसर, ऑर्थोपेडिक और गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभाग के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने मरीजों की गहन जांच की और उन्हें उचित चिकित्सीय परामर्श दिया।
​महंगे टेस्ट और दवाइयां रहीं निःशुल्क
शिविर की खास बात यह रही कि सामान्य जांच के साथ-साथ मरीजों के लिए बेहद महत्वपूर्ण और महंगे माने जाने वाले प्रोस्टेट जांच और फाइब्रोस्कैन टेस्ट की सुविधा भी पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध करवाई गई। इसके अलावा, जांच के उपरांत जरूरतमंद मरीजों को संस्थाओं की ओर से मुफ्त दवाइयां भी वितरित की गईं।
​समय पर इलाज के प्रति जागरूक करना मुख्य उद्देश्य
आयोजक संस्थाओं के पदाधिकारियों ने बताया कि इस तरह के शिविरों का मुख्य लक्ष्य समाज के हर वर्ग तक विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं पहुंचाना और लोगों को बीमारियों के प्रति जागरूक करना है, ताकि समय रहते उनका सही उपचार हो सके। कार्यक्रम के अंत में तीनों संस्थाओं ने मैक्स हॉस्पिटल, द्वारका की चिकित्सक टीम और शिविर को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
​

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button