मुद्देविचार मंच

व्हाट्सएप ग्रुप या डिजिटल धर्मशाला?

ग्रुप आखिर है क्या? सूचना का केंद्र या सुबह-सुबह बजने वाली डिजिटल धर्मशाला?

जांच में जो सामने आया, वह हर भारतीय के फोन की कहानी है।

बोर्ड पर लिखा है “शांति बनाए रखें”, अंदर लाउडस्पीकर बज रहा है

हर ग्रुप की शुरुआत एक संविधान से होती है। एडमिन पूरे जोश के साथ ग्रुप डिस्क्रिप्शन लिखता है –
“कृपया केवल जरूरी बातें ही लिखें।”
“गुड मॉर्निंग मैसेज और वीडियो मना है।”
“नियम तोड़ा तो रिमूव कर दिया जाएगा।”

यह पढ़कर ग्रुप के ‘विशेष प्राणी’ मन ही मन मुस्कुराते हैं। उनके लिए यह नियम नहीं, खुली चुनौती है।

सुबह 5:15 बजे का पहला हमला

तफ्तीश में पता चला कि पहला गोला ठीक 5:15 बजे दागा जाता है। एक चमकता हुआ गुलाब, ओस की बूंदें और उस पर लिखा होता है – “सत्य वचन: जो सुबह जल्दी जागते हैं, ईश्वर उनके साथ चाय पीते हैं। शुभ प्रभात।”

मजे की बात ये कि भेजने वाले महोदय खुद असल जिंदगी में 11 बजे उठते हैं, लेकिन व्हाट्सएप पर वे ब्रह्ममुहूर्त के पहरेदार हैं।

फिर आते हैं ‘नासा’ वाले ज्ञानी

रात 10 बजे सोसाइटी में पानी की पाइपलाइन लीकेज पर गंभीर चर्चा चल रही है, तभी बीच में 45 MB का बम गिरता है –
“नासा ने माना, तुलसी के पत्ते को उल्टे हाथ से चबाने पर मंगल दोष और गैस दोनों शांत होते हैं! 11 लोगों को न भेजा तो फोन की स्क्रीन फूट जाएगी।”

एडमिन लिखता है – “भाई साहब, सिर्फ पानी की बात करें।”
जवाब में तुरंत दूसरा वीडियो – “देखिए कैसे बंदर ने समझदारी से नल बंद किया। इंसान सीखे!”

और फिर मुंडन वाली शहनाई

कॉलोनी की सिक्योरिटी पर बहस चल रही है और अचानक एक अंकल अपने दूर के भांजे के मुंडन की 4 मिनट की अनकट शहनाई डाल देते हैं – “आनंद लीजिए।”

अब सदस्य तय नहीं कर पाते – सिक्योरिटी गार्ड की चिंता करें या पूरियां तलने की आवाज पर ताली बजाएं।

अंत में लोकतंत्र की मौत

सूत्रों के मुताबिक, अंत में हर एडमिन की हालत उस मास्टरजी जैसी हो जाती है जो डंडा लेकर खड़ा है और बच्चे डेस्क पर चढ़कर ढोलक बजा रहे हैं।

तंग आकर एडमिन अपना आखिरी ब्रह्मास्त्र चलाता है – “Only Admins Can Send Messages”

इसी के साथ ग्रुप का लोकतंत्र दम तोड़ देता है। पाइपलाइन जस की तस रह जाती है, लेकिन वो चमकता हुआ गुलाब अगले दिन किसी नए ग्रुप की खिड़की से फिर झांकने लगता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button