आईटीआई गुढ़ा में मेगा जॉब फेयर: 470 युवाओं को हाथों-हाथ मिले नियुक्ति पत्र, 356 का हुआ चयन

मुख्य अतिथि ओमप्रकाश धनखड़ बोले— ‘जो सोचेगा, वो करेगा’, युवा हार्ड व सॉफ्ट स्किल्स के साथ मार्केटिंग में भी बनें निपुण
30 नामी कंपनियों ने लिया हिस्सा; उपायुक्त के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ रोजगार मेला
कृष्ण गोपाल विद्यार्थी
झज्जर। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) झज्जर एट गुढ़ा और जिला रोजगार विभाग के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय मेगा जॉब फेयर का आयोजन किया गया। इस रोजगार मेले में क्षेत्र के युवाओं का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला, जहां 30 प्रतिष्ठित कंपनियों ने मौके पर ही 470 से अधिक अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे, जबकि 356 युवाओं का चयन अप्रेंटिसशिप व रोजगार के लिए किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्री ओमप्रकाश धनखड़ ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। संस्थान के प्राचार्य संदीप अहलावत ने मुख्य अतिथि सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
हार्ड, सॉफ्ट और मार्केटिंग स्किल्स से मजबूत होगी अर्थव्यवस्था: धनखड़

युवाओं को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि जीवन में “जो सोचेगा, वो करेगा”। सफलता में समय जरूर लगता है, लेकिन दृढ़ संकल्प, निरंतर सीखने की ललक और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ते रहना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि आज के आधुनिक दौर में युवाओं को केवल तकनीकी ज्ञान तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि सॉफ्ट स्किल्स और मार्केटिंग स्किल्स में भी पारंगत होना जरूरी है, जिससे वे राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था की रीढ़ को मजबूत बना सकें।
30 नामी कंपनियों ने दिया रोजगार का अवसर
प्राचार्य संदीप अहलावत ने बताया कि मेले का आयोजन उपायुक्त श्रीमती वर्षा खांगवाल के मार्गदर्शन में किया गया। इसमें हीरो मोटोकॉर्प, जेबीएम, योकोहामा, पैनासोनिक, एचएनजी ग्लास, ल्यूमैक्स, ट्राइकोलाइट, एजटेक, पुखराज हेल्थ केयर और सुब्रोस जैसी 30 नामी बहुराष्ट्रीय और राष्ट्रीय कंपनियों ने शिरकत की। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को उनकी रुचि के अनुसार हुनरमंद बनाकर रोजगार से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
तकनीक के साथ खुद को अपडेट रखें युवा
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में पहुंचे जिला परिषद चेयरमैन कप्तान बिरधाना ने कहा कि तकनीकी प्रशिक्षण लेकर युवा आत्मनिर्भर बनने के साथ-साथ स्वरोजगार भी स्थापित कर सकते हैं। वहीं, भाजपा जिलाध्यक्ष विकास वाल्मीकि ने कहा कि तकनीक हर दिन बदल रही है, इसलिए युवाओं को खुद को लगातार अपडेट रखना होगा। वरिष्ठ नेता संजय कबलाना ने भी युवाओं को कौशल आधारित प्रशिक्षण का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों ने आईटीआई परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। मातनहेल आईटीआई के प्राचार्य अनिल दलाल ने सभी अतिथियों, कंपनी प्रतिनिधियों और विद्यार्थियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।
ये रहे उपस्थित:
इस मौके पर जिला परिषद के सीईओ मनीष फौगाट, जिला रोजगार अधिकारी धर्मेंद्र मलिक, वरिष्ठ नेत्री कुमारी सुनीता चौहान सहित कई कंपनियों के एचआर प्रतिनिधि, आईटीआई का स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।



