कार्तिक मास आत्मशुद्धि, संयम और भगवद् स्मरण का पावन अवसर : गोस्वामी द्वारकेश

कृष्ण गोपाल विद्यार्थी
बहादुरगढ़: कार्तिक मास केवल व्रत और अनुष्ठान तक सीमित नहीं, बल्कि यह आत्मशुद्धि, इंद्रिय संयम और भगवद् स्मरण के माध्यम से जीवन को आध्यात्मिक ऊँचाइयों तक ले जाने का अनुपम अवसर है। यह विचार वेद-वेदांगविद् गोस्वामी द्वारकेश जी महाराज ने ब्रह्ममुहूर्त में आयोजित दिव्य प्रवचनमाला के दौरान व्यक्त किए।
गोस्वामी जी ने बताया कि तुलसी सेवा, दीपदान, हरिनाम संकीर्तन और सत्संग कार्तिक मास की साधना के मुख्य आधार हैं। रामचरितमानस के अयोध्याकाण्ड का प्रसंग सुनाते हुए उन्होंने देवासुर संग्राम में महारानी कैकेयी के शौर्य और महाराज दशरथ द्वारा दिए गए दो वरदानों की कथा का मर्मस्पर्शी वर्णन किया। उन्होंने कहा कि मंथरा की कुटिल मति के कारण उपजी परिस्थितियों के बीच श्रीराम का वनगमन भारतीय संस्कृति के शाश्वत जीवन-मूल्यों, पितृवचन पालन, त्याग और मर्यादा का सर्वोच्च उदाहरण है। श्रीराम चरित्र से प्रेरणा मिलती है कि अधिकार से बड़ा कर्तव्य, सुख से बड़ा त्याग और व्यक्तिगत आकांक्षाओं से बड़ा धर्म होता है।
इस अवसर पर महाराज श्री ने दैनिक पंचांग का विवरण साझा करते हुए बताया कि आज दोपहर 2:51 बजे तक सप्तमी तिथि व उसके बाद अष्टमी तिथि प्रारंभ होगी। साथ ही उन्होंने अहोई अष्टमी के पावन पर्व पर संतान के दीर्घायु व आरोग्य की कामना करते हुए मातृशक्ति को शुभकामनाएँ दीं। अंत में उन्होंने श्रीनाथ जी से श्रद्धालुओं के सुख-समृद्धि की प्रार्थना की और हरियाणा दिवस पर प्रदेशवासियों को मंगलकामनाएँ संप्रेषित कीं।



