
बहादुरगढ़। पत्रकार ललित कुमार के पिता बृजमोहन सिंह का रविवार देर रात निधन हो गया। करीब 70 वर्षीय बृजमोहन पिछले कुछ समय से अस्वस्थ थे। दिल्ली के एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। इसी बीच रविवार की देर रात को उन्होंने अंतिम सांस ली। स्व. बृजमोहन सेना के आयुद्ध भंडार से सेवानिवृत्त थे। वह एक बेटा, बेटी सहित भरा-पूरा परिवार अपने पीछे छोड़ गए हैं। सोमवार को गांव की श्मशान भूमि में उनका अंतिम संस्कार किया गया। विधायक राजेश जून, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष राजपाल शर्मा, जिला उपाध्यक्ष नरेश भारद्वाज, हरियाणा ओलंपिक संघ के उपाध्यक्ष अनिल खत्री, पार्षद राजेश मकड़ोली, अशोक शर्मा, भाजपा नेता संजीव सैनी, मुकेश कौशिक, अजीत खत्री, प्रदीप तहलान सहित विभिन्न राजनीतिक, सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों, पत्रकारों व ग्रामीणों ने अंत्येष्टि में शामिल होकर स्व. बृजमोहन को श्रद्धांजलि दी।



