दिल्ली में सजेगा ‘प्रज्ञान विश्वम्’ का मंच, लोकार्पित होगा डॉ. अंजू क्वात्रा विशेषांक

नई दिल्ली
राजधानी का मॉडल टाउन आगामी 14 नवंबर को देश-विदेश के प्रख्यात साहित्यकारों और कलमकारों के एक भव्य समागम का साक्षी बनने जा रहा है। अवसर है—अखिल भारतीय सर्वभाषा संस्कृति समन्वय समिति के तत्त्वावधान में प्रकाशित बहुराष्ट्रीय पत्रिका ‘प्रज्ञान विश्वम्’ के नवीनतम विशेषांक के भव्य लोकार्पण का। यह विशेष अंक साहित्य और समाज सेवा दोनों ही धरातलों पर अपनी अमिट छाप छोड़ने वाली प्रख्यात कवयित्री एवं लेखिका डॉ. अंजू क्वात्रा के जीवन, सृजन और सरोकारों पर केंद्रित है।
कलम के दिग्गजों की रहेगी गरिमामयी उपस्थिति
इस भव्य साहित्यिक आयोजन की अध्यक्षता एवं कुशल संचालन पत्रिका के प्रधान संपादक और वरिष्ठ साहित्यकार पंडित सुरेश नीरव करेंगे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रख्यात साहित्यकार लक्ष्मी शंकर वाजपेयी और विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रतिष्ठित विदुषी डॉ. सविता चड्ढा मंच की शोभा बढ़ाएंगी। वहीं, अमेरिका से पधारे प्रवासी साहित्यकार डॉ. इंद्रजीत शर्मा इस समारोह के विशेष आकर्षण होंगे।
देश के अलग-अलग कोनों से आ रहे सर्जकों में मुंबई से डॉ. दमयंती शर्मा ‘दीपा’ व दीपक छाबड़ा, वड़ोदरा से डॉ. राखी सिंह कटियार तथा राजस्थान से मानसिंह सुथार विशेष रूप से शिरकत करेंगे। इनके साथ ही साहित्य जगत के प्रमुख हस्ताक्षर—विमल क्वात्रा, मधु मिश्रा, ममता किरण, वीणा अग्रवाल, डॉ. कविता प्रभा सिंह, उमंग सरीन जौहरी, प्रो. अंजू अग्रवाल, उमानाथ त्रिपाठी, राजेंद्र निगम ‘राज’, ओमप्रकाश प्रजापति, शकुंतला मित्तल, सुरक्षा परुथी खुराना, मुकेश भटनागर, रंजना मजुमदार, राजीव त्रिपाठी, डॉ. नैंसी जुनेजा, शशि खन्ना, प्रगति क्वात्रा, महक क्वात्रा और डॉ. पुष्पलता भट्ट सहित अनेक गणमान्य विद्वान इस अवसर पर उपस्थित रहेंगे।
संवेदना और सृजन का सशक्त संगम: डॉ. अंजू क्वात्रा
अनेक राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय सम्मानों से अलंकृत डॉ. अंजू क्वात्रा केवल शब्दों की शिल्पी ही नहीं, बल्कि ज़मीनी सरोकारों से जुड़ी एक समर्पित समाजसेवी भी हैं। आकाशवाणी, पत्र-पत्रिकाओं और राष्ट्रीय मंचों के ज़रिये निरंतर सक्रिय रहने वाली डॉ. क्वात्रा ने निर्धनों और दिव्यांगजनों की सेवा को अपने जीवन का ध्येय बनाया है।
’प्रज्ञान विश्वम्’ द्वारा निकाला गया यह विशेषांक उनके इसी बहुआयामी व्यक्तित्व, साहित्यिक साधना और मानवीय संवेदनाओं को पाठकों के समक्ष नए क्षितिज के साथ प्रस्तुत करने का एक ऐतिहासिक प्रयास है।



