
सर्वसम्मति से चुनी गई ऐसोसिएशन की टीम
बहादुरगढ़:दीवाली मिलन की खुशियों के बीच बहादुरगढ़ केमिस्ट एसोसिएशन ने अपनी नई संगठनात्मक राह चुनी। आपसी भाईचारे और सौहार्दपूर्ण माहौल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी की घोषणा की गई, जिसमें सभी सदस्यों ने एक सुर में ऋषि मलिक को प्रधान पद की जिम्मेदारी सौंपी।
संगठन की नई धुरी के रूप में सुधीर मुंजाल को महासचिव और अभिमन्यु देशवाल को कोषाध्यक्ष चुना गया। पर्व के उल्लास के साथ-साथ समारोह में व्यापारिक हितों, आपसी समन्वय और भविष्य की कार्ययोजनाओं पर भी गंभीर मंथन हुआ।
समारोह में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे एसडीसीओ रमन श्योराण और विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद दिल्ली हॉस्पिटल के एमडी डॉ. श्रवण बंसल ने नई टीम को बधाई देते हुए संगठन के सामाजिक सरोकारों की सराहना की। इस अवसर पर झज्जर जिला प्रधान गुलशन सेतिया और रोहतक जिला प्रधान सुभाष कत्याल की विशेष मौजूदगी ने आयोजन को अंतर-जिला एकजुटता का स्वरूप दिया।
कार्यकारिणी के विस्तार में सौरव धमीजा, मनोज, अनिल परुथी, कुलदीप गर्ग और हरीश सलूजा को सदस्य के रूप में शामिल किया गया। नई जिम्मेदारी मिलने पर प्रधान ऋषि मलिक व उनकी टीम ने सभी साथियों का आभार जताते हुए विश्वास दिलाया कि वे संगठन की साख, पारदर्शिता और सदस्यों के हितों की रक्षा पूरी निष्ठा व ईमानदारी से करेंगे।



