भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर छठवां जनजातीय गौरव दिवस धूमधाम से मनाया गया

विकास भवन सभागार में आयोजित हुआ जनपद स्तरीय कार्यक्रम, मुख्य विकास अधिकारी ने भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया नमन
यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के गढ़चिरौली, महाराष्ट्र में वर्चुअल रूप से आयोजित मुख्य समारोह का हुआ सजीव प्रसारण
ग्रेटर नोएडा | कलमवीर रिपोर्टर
भगवान बिरसा मुंडा जी की 151वीं जयंती के अवसर पर छठवां जनजातीय गौरव दिवस जनपद में पूरे उत्साह, श्रद्धा एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य भगवान बिरसा मुंडा सहित देश के जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के अद्वितीय योगदान, संघर्ष, त्याग एवं बलिदान को स्मरण करते हुए जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति और गौरवशाली इतिहास से नई पीढ़ी को परिचित कराना रहा।
कार्यक्रम के दौरान गढ़चिरौली, महाराष्ट्र में भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की वर्चुअल माध्यम से गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित राष्ट्रीय मुख्य समारोह का एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सजीव प्रसारण किया गया। विकास भवन सभागार में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कार्यक्रम को देखा एवं सुना।
विकास भवन सभागार में आयोजित जनपद स्तरीय कार्यक्रम के दौरान मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी एवं अन्य जनपद स्तरीय अधिकारियों द्वारा भगवान बिरसा मुंडा जी के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि आज हम सभी एक ऐसे महान जननायक और आदिवासी समाज के गौरव को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए एकत्रित हुए हैं, जिन्होंने अपने जीवन के अल्प समय में ही समाज के अधिकारों, सम्मान और स्वाभिमान के लिए अद्भुत संघर्ष किया।
इसी क्रम में अन्य शासकीय कार्यालयों में भी जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर जिला समाज कल्याण अधिकारी सतीश कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी निलेश उत्पल, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर अरुण कुमार, उप निदेशक कृषि विवेक दुबे, जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉक्टर वंदना रानी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।



