नये दौर के सरस्वती पुत्र

सांझ ढलते ही बैठक का दरवाजा खुला, और बिना किसी पूर्व सूचना के तीन युवा भीतर चले आए। हाथ में डायरियां थीं और चेहरे पर साहित्य-सेवा का वह जाना-पहचाना दंभ, जो अक्सर शुरुआती सरस्वती पुत्रों में दिखता है।
तख्त पर बैठे पंडित जी—जिन्हें साहित्य जगत वर्षों से उनकी धारदार लेखनी, बेबाक गजलों और मंचों पर उनकी सादगी के लिए जानता था—ने चश्मा ठीक किया और मुस्कुराकर उनका स्वागत किया। घर के भीतर से बिना कहे चाय की केतली चढ़ने की खनक आई। यह इस चौखट का पुराना नियम था; यहाँ आने वाले को कभी औपचारिकता की दरकार नहीं पड़ी।
”कहिए, कैसे आना हुआ?” पंडित जी ने स्नेह से पूछा।
”पंडित जी, कल कॉलेज में वार्षिकोत्सव है। हमने कुछ रचनाएं लिखी हैं आप तो बस थोड़ा सुधार कर दीजिए।” एक युवक ने अपनी हस्तलिखित पांडुलिपि लगभग उनके हाथ में थमाते हुए कहा।
पंडित जी ने पांडुलिपि उठाई। छन्द के दोष सुधारे, जहाँ भाव शिथिल थे वहाँ दो नए शब्द जोड़कर पंक्ति में प्राण फूंके, और लगभग डेढ़ घंटा लगाकर उनकी पूरी रचना को एक तराशा हुआ रूप दे दिया। युवा प्रसन्न होकर उठे, चाय का आखिरी घूंट भरा और बोले, “बहुत-बहुत धन्यवाद पंडित जी! आप जैसा सहज आदमी आज के दौर में मिलना मुश्किल है। जब भी आओ, आप यहीं मिल जाते हैं।”
शब्द प्रशंसा के थे, मगर उनकी ध्वनि में एक अजीब-सा खालीपन था। ‘यहीं मिल जाते हैं’—यह वाक्य पंडित जी के कानों में देर तक गूंजता रहा।
अगले दिन उसी कॉलेज के वार्षिकोत्सव का निमंत्रण-पत्र पंडित जी की मेज पर पड़ा था। मुख्य अतिथि के रूप में एक ऐसे कवि का नाम छपा था, जो साल में सिर्फ दो बार अपने महानगर के वातानुकूलित स्टूडियो से बाहर निकलते थे, जिनका फोन उठाना किसी पीए के हाथ में था और जिनकी एक अदद हाजिरी के लिए आयोजकों को महीनों मिन्नतें और मोटी रकम खर्च करनी पड़ती थी।
पंडित जी के लिए उस कार्ड में कोई विशेष स्थान नहीं था—न मंच पर, न अतिथि सूची में। कॉलेज के आयोजक भली-भांति जानते थे कि “पंडित जी तो अपने ही हैं, कभी भी बुला लो, आ ही जाते हैं। उनके लिए औपचारिकता की क्या जरूरत!”
उस शाम पंडित जी अपनी बैठक में अकेले बैठे थे। सामने कागज़ का कोरा पन्ना था और हाथ में कलम। उन्हें अपने पैंतीस वर्षों के साहित्यिक जीवन की कई परतें एक साथ उघड़ती नजर आईं।
उन्हें याद आया वह दौर, जब वे युवा थे और बड़े-बुजुर्ग कहते थे कि साहित्यकार को जनता के बीच, माटी से जुड़ा और सुलभ होना चाहिए। उन्होंने इस सीख को जीवन का मंत्र बना लिया था। कभी किसी आयोजक से मानदेय को लेकर मोलभाव नहीं किया; जिसने जो श्रद्धा से दे दिया, रख लिया। किसी नवांकुर ने अपनी अधकचरी ग़ज़लें थमाईं, तो रात-रात जागकर उसकी बहरें ठीक कीं। किसी ने शादी का कार्ड लिखवाया, किसी ने शोक-संदेश, तो किसी ने अपनी संस्था का घोषणापत्र। पंडित जी कभी ‘ना’ नहीं कह पाए।
और इसी ‘ना’ न कह पाने की आदत ने धीरे-धीरे समाज की नजरों में उनके ‘हाँ’ की कीमत शून्य कर दी थी।
बाजार का नियम साहित्य के आंगन में भी पूरी क्रूरता से पैठ चुका था। जो कवि साल में एक बार दिखता था, चार सुरक्षा घेरों और नखरों के साथ मंच पर चढ़ता था, लोग उसके आगे नतमस्तक थे। उसकी दोयम दर्जे की पंक्तियों पर भी तालियों की गड़गड़ाहट थमती नहीं थी। आयोजक उसके रुकने के लिए पंचतारा होटल की व्यवस्था करते थे। और पंडित जी? पंडित जी को कार्यक्रम शुरू होने से आधा घंटा पहले फोन करके कह दिया जाता था, “पंडित जी, गाड़ी नहीं भेज पा रहे हैं, आप तो पास ही रहते हैं, स्कूटर से आ जाइएगा न!”
सहजता उनकी पूंजी थी, मगर दुनिया ने उसे उनकी लाचारी मान लिया था। उनकी उपलब्धता इतनी सस्ती हो गई थी कि लोगों ने यह सोचना ही छोड़ दिया था कि इस सुलभता के पीछे साधना के कितने तपते हुए वर्ष लगे हैं।
अचानक दरवाजे पर फिर वही परिचित दस्तक हुई। वही युवक था, जो कल ग़ज़ल सुधरवा कर ले गया था। उसके हाथ में एक मिठाई का डिब्बा था।
”पंडित जी! कमाल हो गया! कल मेरी कविता पर पूरा हॉल झूम उठा। प्रिंसिपल साहब ने मंच पर बुलाकर शाबाशी दी। यह मिठाई आपके लिए।”
पंडित जी ने मिठाई का डिब्बा मेज पर रखवाया और शांत भाव से पूछा, “बधाई हो बेटा। मुख्य अतिथि महोदय को तुम्हारी कविता कैसी लगी?”
युवक की आँखें चमक उठीं, “अरे पंडित जी! मुख्य अतिथि जी तो बहुत बड़े आदमी हैं। उनके पास कहाँ वक्त था। मंच से उतरे, अपनी गाड़ी में बैठे और उड़ गए। हमने तो दूर से बस उनके चरण छुए। सच में रुतबा तो ऐसा ही होना चाहिए!”
युवक का यह मासूम बयान उस वृद्ध रचनाकार के सीने में किसी खंजर की तरह उतरा। जिस व्यक्ति ने रचना को शब्द दिए, भाव दिए, लय दी, वह ‘सहज’ था इसलिए उसकी कोई कीमत न थी; और जो व्यक्ति केवल अपना नाम और चेहरा चमकाकर निकल गया, उसका ‘रुतबा’ अनुकरणीय बन गया था।
युवक के जाने के बाद, पंडित जी ने चश्मा उतारा, बत्ती बुझाई और तख्त पर लेट गए। कमरे में गहरा सन्नाटा था—वैसा ही सन्नाटा, जो किसी बहुत उपयोगी किंतु बिना मोल की चीज के चारों ओर पसर जाता है।



