CEC के इस्तीफे पर सियासी संग्राम, राहुल-प्रियंका के मार्च से दिल्ली में बढ़ा तनाव

नई दिल्ली। मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। राहुल गांधी समेत विपक्षी दलों के कई नेताओं ने चुनाव आयोग के मुख्यालय की ओर पैदल मार्च किया, जिसके बाद राजधानी में सियासी माहौल गरमा गया।
दोपहर में शुरू हुआ विपक्षी नेताओं का यह मार्च संसद मार्ग तक पहुंचा। प्रदर्शन के दौरान नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी की। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत कई विपक्षी नेता आकाशवाणी भवन में मौजूद रहे।
वहीं, प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती बढ़ाई गई। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने संसद मार्ग और आसपास के इलाकों में मोर्चा संभाला। प्रदर्शन के चलते इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही और प्रशासन लगातार हालात पर नजर रखे हुए है।



