शख़्शियत

​अब यह गीत संभलकर गाना

​प्रिय सुंदर कटारिया मेरे जन्मदिन पर अचानक एक बड़ा मिठाई का डिब्बा लेकर बधाई देने घर आ पहुंचा। इस अवसर पर एक अन्य मित्र भी किसी काम से घर आए हुए थे। उन्हें सुंदर के बहादुरगढ़ आने का कारण पता चला तो उन्होंने कहा कि मुझे पहले पता होता तो मैं भी कोई अच्छा सा गिफ्ट लेकर आता… लेकिन आ ही गया हूं तो एक गीत के माध्यम से अपनी शुभकामनाएं दे देता हूं
“आप जिएं हजारों साल, साल के दिन हों पचास हजार।”
​इस पर सुंदर ने मेरे उस मित्र से पूछा कि इतनी महंगाई में हजारों साल जीने की दुआ से गुरुजी का क्या भला होगा? अगर कोई गिफ्ट भी नहीं दे सकते तो कुछ नकद ही दे जाओ! मित्र इस बात से कुछ परेशान दिखा तो सुंदर ने यह कहकर उसकी मुश्किल आसान कर दी कि वह अधिक नहीं सिर्फ दस पैसे प्रतिदिन के हिसाब से जो राशि बने वह तो पेटीएम द्वारा एडवांस भिजवा ही सकता है। मित्र को दस पैसे प्रतिदिन कोई बड़ी राशि नहीं लगी और बोला कि ज़रा टोटल करके बता भी दो।
​इस पर सुंदर ने कहा कि आपकी दुआओं के चलते गुरुजी हजारों नहीं केवल हजार साल भी जीवित रह पाए तो पचास हजार दिनों के एक साल के हिसाब से सिर्फ 5000 रुपए सालाना बनते हैं, उन्हें सिर्फ एक हजार से ही गुणा करके भिजवा देना… इंतज़ार रहेगा!
​मेरे करोड़पति मित्र के लिए मेरी खुशी के लिए सिर्फ दस पैसे रोज़ के हिसाब से भिजवा देना कोई बड़ी बात थी क्या? आज तक उसके पेटीएम का इंतज़ार कर रहा हूं और अब तो उसके लिए दुआ मैं कर रहा हूं कि वह स्वस्थ-सानंद हो क्योंकि महीनों से उसका फोन भी बंद मिलता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button