उस नदी का नसीब क्या होगा…जिसकी लहरों को बेच दे साहिल

रह रहकर याद आते हैं सतपाल स्नेही
वर्ष 1954 में जिला सोनीपत के ताजपुर में जन्मे तथा जिला झज्जर, रोहतक व फरीदाबाद के अनेक सरकारी चिकित्सा संस्थानों में लैब टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत रहे सतपाल शर्मा देश के साहित्य प्रेमियों में सतपाल स्नेही के रूप में विख्यात रहे। कई दशकों तक विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित तथा आकाशवाणी व दूरदर्शन से प्रसारित अपने गीतों-ग़ज़लों के कारण काव्य मंचों के श्रोताओं के अलावा विभागीय सहकर्मियों व अधिकारियों में खासे लोकप्रिय रहे 68 वर्षीय स्नेही जी को हमने चार वर्ष पूर्व आज ही के दिन हमेशा हमेशा के लिए खो दिया। कोरोना की चपेट में आए स्नेही उससे निपटने के बावजूद कभी पूरी तरह स्वस्थ नहीं हो पाए जिसके चलते 11 नवंबर को घर में हुए हवन यज्ञ के दौरान भले चंगे दिख रहे स्नेही जी को देर रात तबियत बिगड़ने के बाद तमाम कोशिशों के बावजूद बचाया नहीं जा सका।
बचपन से ही गायन में विशेष रुचि लेते रहे स्नेही सहकर्मियों की विदाई पार्टियों में विदाई गीत गाते गाते कब स्वयं भी गीतकार बन गए, उन्हें भी पता नहीं चला। वर्ष 1975 में अपने फार्मासिस्ट मित्र रमेश कोचर की विदाई पार्टी में पहली बार उन्होंने अपनी मौलिक रचना पढ़ी।
चला जा तू ऐ जाने वाले चला जा,
मगर याद भी अपनी दिल से लिए जा।
पुरसोज़ तरन्नुम में पढ़ी गई उनकी इस रचना को मिली भरपूर दाद ने उन्हें और भी अच्छा लिखने की प्रेरणा दी।
परिणामस्वरूप कुछ ऐसी बातें जो वह चाहकर भी किसी को कह नहीं पाते थे, शब्दों में ढलकर गीतों व ग़ज़लों का रूप लेने लगीं। आकाशवाणी रोहतक पर स्नेही जी का पहला कार्यक्रम सितम्बर 1981 में व दूरदर्शन पर जून 1985 में प्रसारित हुआ था। दिल्ली, हरियाणा व उत्तर प्रदेश के काव्य मंचों पर अपनी धाक जमा चुके स्नेही दिवंगत गीतकार रामावतार त्यागी व समकालीन ग़ज़लकार ज्ञान प्रकाश विवेक से काफी प्रभावित रहे। लगभग तीन दशक पूर्व लिखी गई उनकी ग़ज़ल दर्द इतना कि ज़िन्दगी मुश्किल आज भी उनके प्रशंसकों की पहली पसंद बनी हुई है। उनका एक गीत फिर धरती की पावनता के गीत लिखूंगा, गाऊंगा मैं भी श्रोताओं में काफी लोकप्रिय है। उनके दो काव्य संग्रह कोई पथ भूली किरण व इम्तिहान बाकी है भी सुधि पाठकों द्वारा काफी पसंद किए गए हैं। उल्लेखनीय है कि इम्तिहान बाकी है ग़ज़ल संग्रह उनके निधन के बाद प्रकाशित हुआ है।



