बहादुरगढ़हरियाणा

सुरक्षा के लिए तैनात यातायात पुलिस की सुरक्षा भी ज़रूरी

अपनी नैतिक जिम्मेदारी भी समझें वाहन चालक

बहादुरगढ़ : सड़क सुरक्षा के प्रति वाहन चालकों की बढ़ती लापरवाही और यातायात पुलिसकर्मियों पर हो रहे हमलों को लेकर सड़क सुरक्षा संगठन आरएसओ के सदस्य सतीश शर्मा ने गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि सड़कों पर आमजन की सुरक्षा के लिए दिन-रात तैनात रहने वाले यातायात पुलिस के जवानों की सुरक्षा भी समाज और प्रशासन की सामूहिक जिम्मेदारी है।
​सतीश शर्मा ने हाल ही में हुई दो दर्दनाक घटनाओं का हवाला देते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने बताया कि बीते 17 अक्टूबर को रोहद टोल पर ड्यूटी के दौरान यातायात थाना बहादुरगढ़ में तैनात एसआई सतपाल जून को एक तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी थी, जिससे उनके पैर और कूल्हे में गंभीर फ्रैक्चर हो गया। वहीं, ताजा घटनाक्रम में 11 नवंबर को एक लापरवाह बाइक सवार की टक्कर से यातायात पुलिस के एएसआई राकेश की दुखद मृत्यु हो गई।
​उन्होंने इन घटनाओं को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि पुलिसकर्मी अपनी जान जोखिम में डालकर यातायात व्यवस्था संभालते हैं, लेकिन कुछ चालक रुकने के संकेत के बावजूद वाहन भगाने के चक्कर में उन्हें ही निशाना बना लेते हैं। शर्मा ने प्रशासन से मांग की कि ड्यूटी पर तैनात जवानों को घायल करने या उनकी जान लेने वाले चालकों को कठोरतम सजा दिलाई जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर अंकुश लग सके।
​अंत में उन्होंने आमजन से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित गति सीमा में ही वाहन चलाएं और पुलिस के संकेत पर तुरंत रुकें। उन्होंने कहा कि सड़क पर ड्यूटी कर रहा जवान भी किसी परिवार का हिस्सा है, इसलिए यातायात नियमों का पालन करना केवल कानूनी बाध्यता नहीं बल्कि मानव जीवन के प्रति हमारी नैतिक जिम्मेदारी भी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button