नई दिल्ली में ‘प्रज्ञान विश्वम’ के ‘डॉ. अंजु क्वात्रा विशेषांक’ का भव्य लोकार्पण

साहित्य, समाजसेवा और मानवीय संवेदनाओं की साधिका के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को समर्पित रहा आयोजन
देश-विदेश के प्रबुद्ध साहित्यकारों और गणमान्य अतिथियों ने की डॉ. क्वात्रा के सेवा कार्यों की सराहना
नई दिल्ली। बहुराष्ट्रीय साहित्यिक पत्रिका ‘प्रज्ञान विश्वम’ के नवीनतम विशेषांक का भव्य लोकार्पण बीते दिन राजधानी के एक गरिमामय साहित्यिक समारोह में संपन्न हुआ। यह विशेषांक सुप्रसिद्ध समाजसेविका एवं साहित्यकार डॉ. अंजु क्वात्रा के बहुआयामी व्यक्तित्व और कृतित्व पर केंद्रित है।
कार्यक्रम में आकाशवाणी के पूर्व महानिदेशक श्री लक्ष्मी शंकर बाजपेयी, ‘हरियाणा गौरव’ डॉ. सविता चड्ढा, सुप्रसिद्ध साहित्यकार श्रीमती ममता किरण तथा पत्रिका के ग्लोबल संपादक पंडित सुरेश नीरव की विशिष्ट उपस्थिति ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की।
समारोह में वक्ताओं ने कहा कि यह विशेषांक डॉ. अंजु क्वात्रा की साहित्यिक साधना, सामाजिक प्रतिबद्धता और परोपकारी जीवन का एक सुंदर दस्तावेज है। डॉ. क्वात्रा के जीवन का मूल मंत्र मानवता की सेवा और आत्मीयता है। दूसरों के सुख-दुःख को अपना समझना और जरूरतमंदों के लिए सदैव तत्पर रहना उनके व्यक्तित्व की विशिष्ट पहचान है। उनके कार्यों से यह स्पष्ट संदेश मिलता है कि साहित्य की वास्तविक सार्थकता समाज के सरोकारों से जुड़कर संवेदनाओं को विस्तार देने में ही निहित है।
समारोह के दौरान साहित्य, समाजसेवा और मानवीय मूल्यों के विभिन्न आयामों पर सार्थक विमर्श हुआ। इस ऐतिहासिक अवसर पर देश के विभिन्न हिस्सों और विदेश से आए प्रबुद्धजनों ने शिरकत की। इनमें वडोदरा गुजरात से डॉ. राखी सिंह कटियार, महाराष्ट्र से श्री दीपक छाबड़ा व श्रीमती दमयंती दीपा, राजस्थान से श्री मान सिंह सुथार, प्रवासी साहित्यकार डॉ. इंद्रजीत शर्मा, श्रीमती उमंग जॉली सरीन, श्रीमती वीणा अग्रवाल, श्रीमती मधु मिश्रा, श्रीमती शकुंतला मित्तल, श्रीमती इंदु राज निगम, श्री राजेंद्र राज निगम, श्री उमानाथ त्रिपाठी और श्री राजीव कुमार त्रिपाठी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
विशेषांक व डॉ. अंजु क्वात्रा के व्यक्तित्व एवं कृतित्व के बारे में अपने विचार साझा करने वाली डॉ. राखी सिंह कटियार सहित सभी उपस्थित साहित्यकारों ने डॉ. क्वात्रा की उदारमना प्रवृत्ति की मुक्तकंठ से प्रशंसा की और इसे भावी पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया। कार्यक्रम के अंत में श्री विमल क्वात्रा ने सभी अतिथियों का हार्दिक स्वागत एवं आभार ज्ञापित किया।



