छपरौला चौकी क्षेत्र में ट्रेन की चपेट में आने से अज्ञात व्यक्ति की मौत, पहचान के प्रयास जारी
दादरी, बादलपुर। कोतवाली बादलपुर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली छपरौला चौकी क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। ट्रेन की चपेट में आने से एक अज्ञात व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही छपरौला चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक की पहचान करने का भरसक प्रयास किया, लेकिन देर शाम तक उसकी पहचान नहीं हो सकी। देखने में मृतक की उम्र लगभग 30 वर्ष प्रतीत हो रही है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आसपास के लोगों से भी मृतक के बारे में पूछताछ की गई, मगर कोई जानकारी नहीं मिल पाई।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार गुप्ता ने बताया कि उन्हें सूचना प्राप्त हुई थी कि छपरौला चौकी क्षेत्र के अंतर्गत एक व्यक्ति की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई है। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक की पहचान करने का भरसक प्रयास किया, मगर पहचान नहीं हो सकी।
पुलिस ने कहा है कि मृतक की पहचान के लिए आसपास के थानों और रेलवे पुलिस को भी सूचना भेज दी गई है। यदि किसी व्यक्ति को इस बारे में कोई जानकारी हो तो वह छपरौला चौकी या कोतवाली बादलपुर पुलिस से संपर्क कर सकता है।



