दादरी: बादलपुर में लॉजिस्टिक कंपनी के गोदाम में छापा, 20 किलो गांजा बरामद, कीमत करीब 10 लाख

बादलपुर, दादरी। कोतवाली बादलपुर क्षेत्र के अंतर्गत धूम मानिकपुर स्थित स्वास्तिक लॉजिस्टिक कंपनी के वेयर हाउस में पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर छापा मारकर बड़ी कार्रवाई की है।
जानकारी के अनुसार, स्थानीय डिलीवरी कंपनी में दो पैकेट कंसाइनमेंट उड़ीसा से बुक कर दिल्ली भेजे जा रहे थे। संदेह के आधार पर पुलिस ने दोनों पैकेटों को गोदाम में ही रुकवा लिया।
इसके बाद दोनों पैकेटों का एक्स-रे कराया गया। जांच में दोनों पैकेटों से मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ। बरामद गांजे का वजन लगभग 20 किलोग्राम बताया जा रहा है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 10 लाख रुपये है।
पुलिस ने बरामद गांजे को अपने कब्जे में ले लिया है। कंपनी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि यह कंसाइनमेंट किसने बुक किया था और दिल्ली में इसे किसे डिलीवर किया जाना था।



